इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादियों से मुठभेड़ में सेना को भारी नुकसान हुआ है। पाकिस्तानी सेना के 11 जवानों की मौत हो गई है। जबकि 19 आतंकी भी मारे गए हैं। सेना और आतंकियों की इस मुठभेड़ में एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक मेजर की भी मौत हुई है। सेना की यह मुठभेड़ प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के साथ हुई है।
यह मुठभेड़ खैबर पख्तूनख्वा के ओरकजई जिले में मंगलवार को हुई।

सेना और आतंकियों के बीच हुई इस मुठभेड़ में 39 वर्षीय लेफ्टिनेंट कर्नल जुनैद आरिफ और 33 वर्षीय मेजर तैय्यब राहत की भी मौत हो गई। प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने 19 आतंकवादियों को मार गिराने के लिए देश के सुरक्षा बलों की प्रशंसा करते हुए लेफ्टिनेंट कर्नल आरिफ और मेजर राहत की मौत पर दुख जताया है। गौरतलब है कि पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलोचिस्तान में आतंकवादी हमलों में लगातार वृद्धि हो रही है। प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के 2022 में सरकार के साथ संघर्ष विराम समझौता तोड़ने के बाद हमलों में वृद्धि हुई है।
अफगानिस्तान में 2021 में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद से टीटीपी ने अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं।

















