नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा अभियान के 12वें दिन आज जनपद नैनीताल में सैकड़ों की संख्या में छात्रों एवं जनमानस को गंगा शपथ दिलाई तथा गंगा एवं इसकी सहायक नदियों के संरक्षण हेतु प्रेरित किया। इससे पूर्व पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार विद्यालय में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। विशाल मिश्रा (कार्यक्रम निदेशक राज्य स्वच्छ गंगा मिशन) ने मुख्यमंत्री को गंगा स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। अंत में छात्रों ने हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूरन चंद्र कापड़ी, संचार विशेषज्ञ; पीयूष तिवारी, जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति नैनीताल; दुर्गा प्रसाद, टीम सहायक; तथा नवीन कोठियाल, सहायक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा महिलाओं के बनाए जूट बैग और पर्यावरण हितैषी सामग्रियों का वितरण किया। कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं सदस्य सचिव उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड डॉ. पराग मधुकर धकाते ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है, बल्कि यह नदियों और समुद्रों में जाकर जलीय जीवों के जीवन के लिए भी खतरा बनता है। ऐसे में सिंगल यूज प्लास्टिक का परित्याग समय की आवश्यकता है।
ई लाइब्रेरी का शुभारंभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यालय परिसर में अत्याधुनिक ई लाइब्रेरी का भी शुभारंभ किया। विद्यार्थियों को उनके बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दी। विद्यालय प्रबंधक श्याम अग्रवाल, विद्या भारती के डोमेश्वर साहू, विजय पाल सिंह, राजनीति कांत शुक्ला डॉ सूर्य प्रकाश आदि मौजूद रहे।

















