नई दिल्ली (हि.स) । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आय से अधिक संपत्ति मामले में दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन से जुड़ी कंपनियों की 7.44 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों को जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई है।
ईडी की कार्रवाई और कुल कुर्क संपत्तियां
केंद्रीय जांच एजेंसी के अनुसार, सत्येंद्र जैन के स्वामित्व वाली कंपनियों की 7.44 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त किया गया है। इस मामले में अब तक कुल कुर्क की गई संपत्तियों का मूल्य लगभग 12.25 करोड़ रुपये पहुंच गया है। यह कार्रवाई 15 सितंबर को की गई।
मनी लॉन्ड्रिंग जांच की पृष्ठभूमि
ईडी ने यह जांच सीबीआई द्वारा 24 अगस्त, 2017 को दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की थी। आरोप था कि सत्येंद्र जैन ने फरवरी 2015 से मई 2017 के बीच आय से अधिक संपत्ति अर्जित की। सीबीआई ने दिसंबर 2018 में आरोपपत्र दाखिल किया था। इससे पहले 31 मार्च 2022 को ईडी ने इसी मामले में 4.81 करोड़ रुपये की संपत्ति अस्थायी रूप से जब्त की थी।

















