यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के रियाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मिसाइल हमला किया है। सऊदी सिविल एविएशन अथॉरिटी के मुताबिक, कम से कम 12 लोग मारे गए और 300 से ज्यादा घायल हुए है। किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ऑपरेशन बंद कर दिए गए हैं। गल्फ अरब देशों में ईरान युद्ध शुरू होने के बाद यह सबसे घातक हमला बताया जा रहा है।
हवाई अड्डे पर क्या हुआ
मिसाइल घरेलू उड़ानों वाले टर्मिनल 3 और 4 वाले परिसर में गिरी। एक गवाह ने बताया कि वह गेट 403 पर था। गेट 401 पर हमला हुआ, घायल लोग दिखे और सब भागने लगे। एक घायल के रिश्तेदार ने कहा कि कंधे और बाजू में कांच के टुकड़ों से चोट लगी।
सऊदी सरकार के बयान में मारे गए लोगों में चार सऊदी नागरिक, दो बांग्लादेशी, एक फिलिस्तीनी, एक अमेरिकी, एक मिस्री, एक जॉर्डनियन, एक सीरियाई और एक सूडानी शामिल हैं। दमम के किंग फहद एयरपोर्ट के पास भी एक प्रोजेक्टाइल गिरा। रियाध एयरपोर्ट पर इस हफ्ते पहले भी दो हमले हो चुके थे, जिनमें चार लोग मरे थे और एक विमान क्षतिग्रस्त हुआ था।
ट्रंप बोले-हम भी जल्द प्रतिक्रिया देंगे
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वे देख रहे हैं कि अमेरिका सऊदी के साथ हूथियों के खिलाफ हमलों में शामिल हो या नहीं। उन्होंने कहा, “हम देखेंगे। अभी पता चला है। फैसला जल्दी लेंगे।” अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने हमलों को निंदनीय बताया और कहा कि इन्हें तुरंत बंद होना चाहिए।
बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य की स्थिति
यमन की संयुक्त राष्ट्र मान्यता प्राप्त सरकार से जुड़ी ताकतों ने दावा किया है कि उन्होंने हूथियों से बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य वापस ले लिया है। लेकिन दोनों तरफ के बयान अलग-अलग हैं।
इसे भी पढ़ें: सऊदी अरब: किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला, रियाद में भी धमाके
सऊदी के यमन राजदूत मोहम्मद अल-जाबर ने कहा कि बाब अल-मंदब को हूती आतंकियों से साफ कर दिया गया है। साउदर्न ट्रांजिशनल काउंसिल के प्रमुख ऐदरूस अल-जुबैदी ने कहा कि पेरिम द्वीप (मयून द्वीप) और तटीय इलाका वापस ले लिया गया है। यह द्वीप लगभग 13 वर्ग किलोमीटर का है और लाल सागर से अदन की खाड़ी और हिंद महासागर की ओर जाने वाले ट्रैफिक पर नजर रखने की जगह है।
सरकारी सेना के प्रवक्ता वद्दाह अल-दबीश ने कहा कि अभी तक सिर्फ आधा इलाका वापस मिला है। उन्होंने बताया कि जलडमरूमध्य के पास जमीन पर हूतियों की नई रक्षा पंक्तियां तोड़ी गईं और हजारों हूती लड़ाके मारे गए। द्वीप पर करीब 500 हूती आतंकी बताए जाते हैं।
हूथियों का जवाब
हूती के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है अदन में सऊदी समर्थित सरकारी ताकतों पर बैलिस्टिक मिसाइल, तोपखाने और भारी हथियारों से हमला किया गया। 22 से ज्यादा बख्तरबंद गाड़ियां नष्ट हुईं और दर्जनों लोग मारे-घायल हुए, जिनमें कुछ कमांडर भी शामिल हैं। अदन में 30 से ज्यादा एंबुलेंसें पहुंचीं।
जुलाई में ही टूट गया था सऊदी संघर्ष विराम
हूतियों ने दो हफ्ते पहले जलडमरूमध्य पर कब्जा किया था और सऊदी से जुड़े वाणिज्यिक जहाजों को रोकने की बात कही थी। जुलाई में ही यमन की सऊदी समर्थित सरकार से उनका संघर्ष विराम टूट गया था। उसके बाद हूती सऊदी एयरपोर्ट, तेल सुविधाओं और टैंकरों पर हमले कर रहे हैं। सऊदी समर्थित सरकार ने इस हफ्ते की शुरुआत में जमीनी जवाबी कार्रवाई शुरू की थी।
संयुक्त राष्ट्र के यमन विशेष दूत हंस ग्रुंडबर्ग ने सुरक्षा परिषद में कहा कि येमन फिर से पूर्ण युद्ध में फंस गया है और सबसे पहले महिलाएं और बच्चे प्रभावित होंगे। यमन दुनिया के सबसे गरीब देशों में से एक है।












