नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए बिल्डिंग हादसे के आरोपी हरिराम बंसल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बिल्डिंग के मालिक हरिराम को राजस्थान के भिवाड़ी से दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस हादसे के बाद वह फरार था और उसका फोन भी बंद था।
इस दर्दनाक हादसे के बाद दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर नोटिस जारी कर दिया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। जिनका नेतृत्व एडिशनल डीसीपी स्तर के अधिकारी कर रहे थे। पुलिस की स्पेशल स्टाफ, क्राइम ब्रांच और लोकल टीमों ने दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के घरों पर लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी की थी।
इससे पहले गुरुग्राम स्थित उसके घर का भी वीडियो सामने आया था। वहां ताला लटका हुआ था। वह गुरुग्राम के सेक्टर-23 स्थित एक आलीशान घर में रहता है। यहां पॉश इलाके में उसकी आलीशान कोठी है। इसी इलाके में आरोपी की हार्डवेयर की दुकान भी है। हादसे की खबर लगते ही वह गुरुग्राम स्थित घर पर ताला लगाकर पूरे परिवार समेत फरार हो गया था। अब दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि रविवार दोपहर दिल्ली के सत्य निकेतन क्षेत्र में पांच मंजिला पीजी इमारत गिर गई थी। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हैं।















