उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में रविवार शाम को एक सोशल मीडिया पोस्ट के चलते तनावपूर्ण स्थिति बन गई। यह घटना फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर इलाके की है, जहां मोहम्मद कैफ उर्फ शोजफ नाम के युवक ने सोशल मीडिया पर एक धार्मिक टिप्पणी कर दी, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
क्या है पूरा मामला- बताया जा रहा है कि मोहम्मद कैफ, जो कि शिया समुदाय से संबंध रखता है, ने सुन्नी समुदाय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। कुछ ही देर में सैकड़ों लोग मोहम्मद कैफ के घर के बाहर इकट्ठा हो गए और नारेबाजी करने लगे। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ युवकों ने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान ‘सर तन से जुदा’ जैसे नारे भी लगाए गए, जिससे माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई- घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। एसीपी आशुतोष और अन्य पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पहले भीड़ को शांत करने की कोशिश की और फिर उपद्रवियों को हिरासत में लेना शुरू किया। एसीपी आशुतोष ने बताया कि वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर सभी उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो लोग सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री पोस्ट कर रहे हैं या अफवाह फैला रहे हैं, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके के धार्मिक नेताओं और समाजसेवकों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। काजी हाफिज मामूर अहमद जमई ने कहा कि लोग किसी भी तरह की उकसावे वाली बातों में न आएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। इसी तरह, आरोपी मोहम्मद कैफ के पिता मोहम्मद नफीस ने भी अपने बेटे की हरकत पर खेद जताया और पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। पूर्व पार्षद सैयद हसीन ने भी लोगों से संयम बरतने की अपील की है। घटना के बाद पटकापुर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सके। प्रशासन ने यह साफ कर दिया है कि कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और हर हाल में शांति व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। स्थानीय प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और सामाजिक मीडिया पर नजरदारी भी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या गलत जानकारी को फैलने से रोका जा सके।

















