अमरोहा में सराफा बाजार में महिलाओं के पर्स से आभूषण चोरी करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। अमरोहा पुलिस ने मुरादाबाद की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो सोने के कंगन, एक अंगूठी, 22 हजार रुपये और काला बैग बरामद किया गया है। आभूषणों की अनुमानित कीमत 2 लाख 82 हजार रुपये बताई जा रही है। दोनों महिलाओं को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से दोनो माहिलाओं को जेल भेज दिया गया।
ई-रिक्शा में ब्लेड से पर्स काटकर चेन चुराती थीं महिलाएं
पुलिस ने बताया कि गुलफशा और तरन्नुम मुरादाबाद के गलशहीद थाना क्षेत्र के वारसी नगर की रहने वाली हैं। इन दोनों के खिलाफ अमरोहा की नगर कोतवाली में चोरी के अभियोग दर्ज हैं। इन महिलाओं ने 24 सितंबर को ई-रिक्शा में सवार महिला का पर्स ब्लेड से काट दिया था। उसके बाद पर्स में से सोने की चेन चोरी कर लिया था। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार की गई दोनों महिलाएं सराफा बाजार में ज्वेलरी खरीदने वाली महिलाओं को वाच करती थीं। आभूषण खरीदने के बाद जब महिलाएं ई-रिक्शा में बैठ जाती थीं। ये दोनों भी उसी पर सवार हो जाती थी। मौका देखकर ब्लेड से पर्स काटकर आभूषण चोरी करती थीं। इसके बाद ई-रिक्शा से उतर कर दूर निकल जाती थीं। चोरी करने के बाद उन आभूषण को बेच देती थीं। गुलफशा के खिलाफ रामपुर, मेरठ और संभल में मुकदमे दर्ज हैं। तरन्नुम के खिलाफ मेरठ में मुकदमे दर्ज हैं।

















