उत्तर प्रदेश के कौशांबी जनपद में आज पुलिस को चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो कार जाती हुई दिखाई पड़ी। पुलिस ने उसका पीछा करने की कोशिश की तो स्कॉर्पियो के चालक ने स्पीड और तेज कर दी। कुछ दूर जाकर के वाहन चालक भागने में सफल रहा। इस दौरान पुलिस द्वारा चेतावनी देने पर उधर से अभियुक्तों ने पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस की तरफ से चलाई गई गोली में स्कॉर्पियो में बैठा हुआ सद्दाम हुसैन घायल हो गया।
सद्दाम हुसैन को कौशांबी जनपद के मंझनपुर स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार कौशांबी जनपद के सराय अकिल थाना अंतर्गत फकीराबाद चौराहे पर सब्जी विक्रेता छोटेलाल का मोइनुद्दीन से झगड़ा हुआ था। उसके बाद मोइनुद्दीन ने अपने परिजनों और लड़के को फोन करके बुलाया था।
उसके बाद उनके साथियों ने छोटे लाल के साथ काफी मारपीट की थी जिसमें वह घायल हो गए थे। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेने के बाद इस मामले में कार्रवाई शुरू की थी और काफी समय से पुलिस इस घटना में मारपीट करने वाले अभियुक्त की तलाश कर रही थी। आज सुबह हुई मुठभेड़ में घायल सद्दाम हुसैन भी इस घटना में शामिल था। पुलिस अन्य अभियुक्तों की भी तलाश कर रही है।

















