नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति पद के लिए राजग उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने नामांकन दाखिल कर दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के साथ-साथ बीजेपी और एनडीए के तमाम नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। उनके प्रस्तावक पीएम मोदी बने।
नामांकन चार सेटों में प्रस्तुत किया गया था। जिनमें से प्रत्येक पर 20 प्रस्तावकों और 20 अनुमोदकों के हस्ताक्षर थे। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा, केंद्रीय मंत्रियों, वरिष्ठ सांसदों और प्रमुख गठबंधन नेताओं के नाम भी इन दस्तावेजों में शामिल थे। सीपी राधाकृष्णन के नामांकन में बीजेपी और एनडीए के तमाम नेता संसद भवन में मौजूद रहे।
कौन हैं सीपी राधाकृष्णन?
सीपी राधाकृष्ण तमिलनाडु में जन्मे। वह ओबीसी समुदाय से आते हैं। 1998 में वह पहली बार सांसद चुने गए और 2023 में बने झारखंड के राज्यपाल बने। 67 वर्षीय सीपी राधाकृष्णन वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। झारखंड की जिम्मेदारी संभालते हुए राधाकृष्णन ने तेलंगाना का राज्यपाल और पुडुचेरी का उपराज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला था। वह 16 साल की उम्र में संघ से जुड़ और करीब चार दशक से राजनीति में सक्रिय हैं। 17 अगस्त को बीजेपी ने उनके नाम की घोषणा की थी। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एनडीए संसदीय दल की बैठक के बाद सीपी राधाकृष्णन के नाम की घोषणा उपराष्ट्रपति पद के लिए की थी।
9 सितंबर को होगा उपराष्ट्रपति पद का चुनाव
उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 9 सितंबर को होना है। उसी दिन मतगणना भी होगी। नामांकन दाखिल की अंतिम तिथि 21 अगस्त है। उम्मीदवार 25 अगस्त तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव में राज्यसभा के 233 निर्वाचित सांसद, राज्यसभा में मनोनीत 12 सांसद और लोकसभा के 543 सांसद वोट डाल सकते हैं। इस तरह के कुल 788 लोग वोट डाल सकते हैं।

















