इंदौर की 23 साल की युवती ने परदेशीपुरा थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। उसने अपने प्रेमी और उसके परिवार के छह से ज्यादा लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती ने बताया कि लड़के ने अपना असली नाम छुपाया और दोस्ती की। फिर उसने जबरदस्ती युवती का कन्वर्जन करवाया, कलमा पढ़वाया और निकाह करवा दिया। जब लड़की ने मना किया, तो उसे घर में बंद कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि करीब 3 साल पहले सोशल मीडिया पर उसकी दोस्ती फाइटर राजपूत नाम के युवक से हुई थी। उसने खुद को सोहिल राजपूत बताया था और दोनों के बीच चैट पर बातचीत होने लगी। एक साल बाद सोहिल ने शादी की इच्छा जताई। खुद को राजपूत बताने के कारण युवती ने हामी भर दी लेकिन उसके परिवार ने इस शादी के लिए सहमति नहीं दी।
युवती का कहना है कि 21 जून 2025 को सोहिल ने उसे समझाया और वह अपने घर से 3 लाख रुपये व कुछ जरूरी दस्तावेज लेकर उसके साथ अहमदाबाद चली गई। यहां सोहिल ने उसे दो दिन तक एक होटल में रखा, इस दौरान उसने जबरन शारीरिक संबंध भी बनाए। बाद में सोहिल ने शादी की औपचारिकताओं के नाम पर गुजराती भाषा में कुछ दस्तावेज तैयार करवाए और साइन करवा लिए। भाषा न आने के कारण पीड़िता दस्तावेजों को समझ नहीं पाई। इसके बाद सोहिल उसे अपने दोस्त सेजर के प्लास्टिक कारखाने के एक कमरे में ले गया और वहीं ठहराया। 3 अगस्त को वह उसे अहमदाबाद के नेशनल मिल चाल में अपने घर ले गया। वहां उसने उसकी माँ शामा नाज फातिमा, पिता साकिर इकबाल, भाई नदीम, यासिर, सारिक, बहन शिवा और भाभी गुलसफा से मुलाकात की। तभी युवती को पता चला कि सोहिल इस्लाम मत से है।
पीड़िता का आरोप है कि सोहिल और उसके परिवार ने उस पर इस्लाम मत अपनाने का दबाव डालना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर सोहिल से निकाह करना है तो इस्लाम मत अपनाना पड़ेगा। साकिर इकबाल ने उसे कलमा पढ़वाकर उसका नाम बदलकर सना फातिमा रख दिया। जब उसने विरोध किया तो उसे घर से निकलने नहीं दिया गया और पूरी तरह कैद कर लिया गया। युवती ने बताया कि 8 जुलाई को सोहिल के चाचा-चाची शौकत राजपूत, नजाकत राजपूत, गुलजार और अन्य रिश्तेदारों ने दबाव बनाकर फिर से कलमा पढ़वाया और जबरन निकाह करा दिया। इसके बाद सोहिल ने उसके पैसों से गृहस्थी का सामान खरीदा और उसे अपने साथ रहने के लिए मजबूर किया। पीड़िता का कहना है कि उसने सोहिल के मोबाइल में कई लड़कियों के साथ की गई चैट देखी। जब इस बारे में उसने सवाल किया तो सोहिल ने कहा कि यही उसका काम है।
पुलिस ने फाइटर राजपूत (सोहिल खान), साकिर इकबाल, शामा नाज फातिमा, नदीम अख्तर, सहवर इकबाल, यासिर हयात, सारिक, शिवा जरिन, गुलसफा, शौकत राजपूत, गुलजार राजपूत, नजाकत राजपूत और एक मौलवी के खिलाफ दुष्कर्म, जबरन धर्म परिवर्तन और जान से मारने की धमकी के मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती का कहना है कि उसने किसी तरह अपनी मां और भाई से संपर्क किया और कुछ लोगों की मदद से पुलिस तक खबर पहुंचाई, जिसके बाद यह मामला सामने आया। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
















