हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस से प्रेम, शादी और सुरक्षा से जुड़ा एक मामला सामने आया है। काशीराम कॉलोनी में रहने वाली एक मुस्लिम युवती निशा ने अपनी इच्छा से हिंदू धर्म अपनाकर कॉलोनी के ही रहने वाले युवक विजय से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शादी कर ली। दोनों का कहना है कि उन्होंने यह फैसला अपनी मर्जी से लिया है, लेकिन शादी के बाद अब उन्हें युवती के परिजनों की ओर से कथित तौर पर धमकियां मिल रही हैं। इसके चलते नवविवाहित दंपति ने पुलिस और प्रशासन से अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
बताया जा रहा है कि निशा और विजय एक-दूसरे को काफी समय से जानते थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने शादी करने का फैसला लिया। युवती का कहना है कि उसने बिना किसी दबाव या डर के अपनी इच्छा से मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाया। इसके बाद दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किया। शादी के बाद मामला तब चर्चा में आया, जब नवविवाहित दंपति ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन से संपर्क किया। दंपति का आरोप है कि शादी के बाद युवती के परिजनों की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। धमकियों के चलते दोनों काफी डरे हुए हैं और उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है
शपथ पत्र के जरिए बताई अपनी मर्जी
मामले में प्रेमी युगल की ओर से एक शपथ पत्र भी तैयार कराया गया है। अधिवक्ता मुकेश चतुर्वेदी के माध्यम से तैयार कराए गए इस शपथ पत्र में युवती निशा ने अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन करने और विजय के साथ विवाह करने की बात कही है। शपथ पत्र में यह भी कहा गया है कि शादी का फैसला किसी दबाव, भय या जबरदस्ती में नहीं लिया गया। युवती के मुताबिक, उसने अपनी इच्छा से हिंदू धर्म अपनाया और विजय के साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया है। वहीं, विजय भी अपनी पत्नी के साथ रहने की बात कह रहा है। शादी के बाद कथित धमकियों से परेशान दंपति अब पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहा है। दोनों ने अधिकारियों से अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि वे शांतिपूर्वक अपना वैवाहिक जीवन जीना चाहते हैं और किसी तरह का विवाद नहीं चाहते।
















