बारिश का मौसम वैसे तो ठंडक और सुकून लेकर आता है लेकिन इसके साथ कुछ परेशानियाँ भी लाता है। इन्हीं में से एक है घर में कीड़े-मकोड़ों का आना। खासतौर पर कनखजूरे जो अक्सर गीली और नमी वाली जगहों पर पाए जाते हैं, इस मौसम में घर के अंदर घुस आते हैं। यह देखने में डरावने लगते हैं और अगर काट लें, तो दर्द और जलन हो सकती है।
ऐसे में जरूरी है कि हम कुछ आसान और असरदार उपाय अपनाएं ताकि ये घर से बाहर रहें। आइए जानते हैं बारिश में घर में घुस आए कनखजूरे को भगाने के घरेलू उपाय।
दरारों और छेदों को बंद करें, घर को सूखा और साफ रखें- कनखजूरे अक्सर घर की दीवारों, दरवाजों और फर्श के कोनों में बनी दरारों या छेदों से अंदर आते हैं। इन जगहों को अच्छी तरह सील करें। कनखजूरे को गीली, अंधेरी और गंदगी वाली जगहें बहुत पसंद होती हैं। इसलिए सबसे पहला कदम यह होना चाहिए कि घर को सूखा और साफ रखा जाए। बाथरूम, रसोई और सीढ़ियों के नीचे वाली जगहों की सफाई रोज़ करें और वहां पानी जमा न होने दें।
नीम, कपूर और बोरिक पाउडर का इस्तेमाल- नीम और कपूर की गंध कनखजूरे को पसंद नहीं होती। आप नीम के पत्तों को पानी में उबालकर उस पानी से फर्श साफ कर सकते हैं या नीम तेल को पानी में मिलाकर स्प्रे कर सकते हैं। कपूर को थोड़े से पानी में मिलाकर घर के कोनों में स्प्रे करें या कपूर की टिक्की वहां रखें। बोरिक पाउडर एक असरदार घरेलू उपाय है जो कीड़े-मकोड़े भगाने में बहुत उपयोगी होता है। इसे कनखजूरे के आने वाले रास्तों पर छिड़क दें- जैसे बाथरूम, सिंक के नीचे, कोनों में, और बालकनी में।
लाल मिर्च, नमक और जपत्ता और लौंग का प्रयोग- पुराने समय से लाल मिर्च और नमक का मिश्रण कीटों को भगाने के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है। इसे दरवाजे, खिड़की और कोनों में छिड़कने से कनखजूरे अंदर नहीं आते। इस उपाय को हर 3-4 दिन में दोहराएं। तेजपत्ता और लौंग की खुशबू भी कनखजूरे को दूर रखती है। इनका पाउडर बनाकर उन जगहों पर छिड़कें जहाँ पर कनखजूरे दिखते हैं। यह तरीका प्राकृतिक है और घर में अच्छी खुशबू भी फैलाता है।
पानी की निकासी का ध्यान रखें- बारिश के दिनों में छत, बालकनी और आसपास पानी का जमाव न होने दें। यह कनखजूरे और अन्य कीड़ों के लिए जगह बन जाती है। नालियों की समय-समय पर सफाई करें।











