आज के समय में हम चेहरे की देखभाल पर बहुत ध्यान देते हैं लेकिन अक्सर गर्दन की सफाई और देखभाल नजरअंदाज कर देते हैं। इसका परिणाम होता है- गर्दन का काला पड़ जाना। यह देखने में असहज लगता है और आत्म-विश्वास को भी प्रभावित कर सकता है। लेकिन चिंता की बात नहीं है, क्योंकि गर्दन के कालापन को दूर करने के लिए कुछ सरल और प्रभावी घरेलू उपाय मौजूद हैं जो बिना किसी साइड इफेक्ट के असर दिखाते हैं।
नींबू और शहद का मिश्रण

नींबू में ब्लीचिंग गुण होते हैं और शहद त्वचा को पोषण देता है। एक चम्मच नींबू का रस लें और उसमें एक चम्मच शहद मिलाएं। इस मिश्रण को गर्दन पर लगाएं और 15-20 मिनट बाद धो लें। हफ्ते में 3-4 बार यह उपाय करें। नींबू लगाने के बाद धूप में न निकलें, वरना त्वचा जल सकती है।
बेसन, हल्दी और दही का पैक

यह एक प्राकृतिक स्क्रब और टोनर की तरह काम करता है। सामग्री- 2 चम्मच बेसन, 1/2 चम्मच हल्दी, 1 चम्मच दही। विधि- सभी चीजों को मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे गर्दन पर लगाएं। यह उपाय हफ्ते में 2 से 3 बार करें।
एलोवेरा जेल

एलोवेरा त्वचा को ठंडक पहुंचाता है और डार्क स्किन को लाइट करने में सहायक होता है। विधि- एलोवेरा की पत्ती काटें और उसका ताजा जेल निकाल लें। इसे गर्दन पर लगाकर 20 मिनट तक रखें फिर गुनगुने पानी से धो लें। यह उपाय आप रोजाना कर सकते हैं।
बेकिंग सोडा और दूध

बेकिंग सोडा त्वचा से डेड स्किन हटाता है और दूध उसे नमी देता है। 1 चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा दूध मिलाकर पेस्ट बनाएं। गर्दन पर लगाएं और हल्के हाथों से स्क्रब करें। सूखने के बाद पानी से धो लें। यह उपाय हफ्ते में दो बार करें।
आलू का रस

आलू में ब्लीचिंग एजेंट होते हैं, जो त्वचा को गोरा करने में मदद करते हैं। विधि- एक आलू को कद्दूकस करके उसका रस निकालें। इस रस को गर्दन पर लगाएं और 15 मिनट बाद धो लें। रोजाना करने से फर्क नजर आएगा।
संतरे के छिलके और दूध का पाउडर

संतरे के छिलके त्वचा को एक्सफोलिएट करते हैं और दूध रंगत निखारता है। विधि- सूखे संतरे के छिलकों का पाउडर बना लें। इसमें दूध मिलाकर पेस्ट तैयार करें। गर्दन पर लगाकर 15 मिनट बाद हल्के हाथों से रगड़ें और धो लें। इसके अलावा रोजाना नहाने के समय गर्दन को अच्छे से साफ करें। शरीर को हाइड्रेट रखने से त्वचा की चमक बनी रहती है। नियमित देखभाल से आप साफ और चमकदार गर्दन पा सकते हैं।











