हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पुरी की प्रसिद्ध रथयात्रा के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने यात्रा में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सेवा कार्य किए। कुल 1,560 स्वयंसेवकों ने ‘उत्कल विपन्न सहायता समिति’ की देखरेख में सेवा की नौ प्रमुख योजनाओं का संचालन किया।
इनमें एम्बुलेंस कॉरिडोर बनाना, स्ट्रेचर सहायता, पीने का पानी वितरण, चिकित्सा सहायता, यातायात नियंत्रण और सफाई अभियान जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल रहे। इसके साथ ही विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, हिंदू जागरण मंच और भारतीय मजदूर संघ द्वारा भी पुरी के बड़ा दांडा में सेवा कार्य किए गए।

भगदड़ में घायल भक्तों को अस्पताल पहुंचाने के लिए दो एम्बुलेंस में दो चरणों में 20 स्वयंसेवक, जल वितरण के लिए 5 स्थानों पर दो चरणों में 25, जल छिड़काव के लिए दो चरणों में 40, 10 स्ट्रेचर के लिए दो चरणों में 80, दो मेडिकल केंद्रों में 200, बड़ा दांडा की सफाई के लिए 200, प्राथमिक चिकित्सा के लिए 5 डॉक्टर, 2 फार्मासिस्ट और 4 सहायक मिलाकर कुल 11, यातायात सेवा में 100 तथा रथ के सामने से मेडिकल चौक तक एम्बुलेंस कॉरिडोर बनाने के लिए 884 स्वयंसेवकों को जिम्मेदारी दी गई थी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, ओडिशा पूर्व प्रांत के प्रांत प्रचारक विपिन प्रसाद नंद, सह प्रांत प्रचारक असीत कुमार साहू, प्रांत सेवा प्रमुख शांतनु माझी, विभाग सेवा प्रमुख रंजन महाराणा, विभाग प्रचारक चंद्रशेखर महापात्र, विभाग सह संपर्क प्रमुख बामदेव नायक, जिला कार्यवाह सर्वेश्वर बिशोई तथा ‘उत्कल बिपन्न सहायता समिति’ के रथयात्रा सेवा संयोजक रुद्रनारायण महापात्र के नेतृत्व में इन सभी सेवा कार्यों का सफल संचालन किया गया।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी रथयात्रा के दौरान सेवा कार्य किए। परिषद के कार्यकर्ताओं ने भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ बीमार श्रद्धालुओं को एम्बुलेंस तक पहुंचाने और एम्बुलेंस का मार्ग सुगम करने के लिए मानव श्रृंखला बनाने में सहयोग किया। परिषद से जुड़े ‘मेडीविजन’ केन्द्र द्वारा एम्बुलेंस सेवा और अस्थायी स्वास्थ्य शिविर चलाया गया।
इसमें चिकित्सकों ने बीमार श्रद्धालुओं की प्राथमिक चिकित्सा की और उन्हें दवाइयां दीं। इसके साथ-साथ परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्लास्टिक मुक्त रथयात्रा अभियान चलाया और पुरी के बड़ा दांडा में सफाई का काम किया। इसी तरह विश्व हिंदू परिषद और हिंदू जागरण मंच द्वारा भी श्रद्धालुओं के लिए भंडारा और अन्य सेवा कार्य किए गए।

















