रूस-यूक्रेन युद्ध के तीन साल के बाद यूक्रेन द्वारा ड्रोन हमले करके रूसी एयरफील्ड्स को तबाह किए जाने के बाद हालात और भयावह हो गए हैं। रूस अब यूक्रेन ही नहीं इस हमले में उसका साथ दे रहे पश्चिमी देशों के खिलाफ भी एक्शन लेने की तैयारी में है। इस बीच उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन ने कहा है कि यूक्रेन के खिलाफ इस युद्ध में वे हर परिस्थिति में रूस के साथ खड़े हुए हैं।
उत्तर कोरिया की सरकारी एजेंसी सेंट्रल कोरियन न्यूज एजेंसी (KCNA) ने इसका दावा किया है। एजेंसी ने कहा कि 4 जून को रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगू उत्तर कोरिया के दौरे पर पहुंचे हैं। उनके साथ बातचीत में प्योंगयांग ने अंतरराष्ट्रीय मामलों मास्को का समर्थन करने का आश्वासन दिया है। एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, किम जोंग उन ने स्पष्ट किया है कि डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कोरिया की सरकार बिना किसी शर्त के भविष्य में भी यूक्रेनी मुद्दे समेत सभी अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक और रणनीतिक मामलों में रूस के साथ खड़ी हे।
डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेनी हमले की जानकारी से किया इंकार
रूसी न्यूज एजेंसी तास की रिपोर्ट के अनुसार, इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के द्वारा किए गए ड्रोन हमले की जानकारी से साफ इंकार किया है। उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर बात की और इसी दौरान ये बात कही। ट्रंप का कहना है कि रूस के अंदर ड्रोन हमले करने को लेकर यूक्रेन ने उन्हें कोई जानकारी नहीं दी थी। उन्होंने ये बात रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सहयोगी यूरी उशाकोव से फोन पर बातचीत के बाद ये दावा किया।
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि फरवरी 2022 से शुरू हुए रूस यूक्रेन युद्ध में पहली बार इसी माह 1 जून को यूक्रेन ने ड्रोन का इस्तेमाल करके रूस के 4000 किमी अंदर तक घुसकर मरमंस्क, इरकुत्स्क, इवानोवो, रियाज़ान, अमूर क्षेत्रों में हवाई अड्डों पर हमला किया। इसमें रूस के करीब 40 से अधिक फाइटर प्लेन ध्वस्त हो गए। रूस ने इसे आतंकी हमला करार दिया है। इस मामले में कुछ अपराधियों को हिरासत में लिया गया है।

















