प्रयागराज जनपद के अतरसुइया थाने की पुलिस ने रियासत उर्फ भोपा और इशरत कुरैशी उर्फ आफताब को गिरफ्तार किया है। इन दोनों ने गाय के बच्चे का वध करके उसका सिर पैर सड़क पर फेंक दिया था। इस मामले में अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इस घटना के बाद पुलिस लगातार अभियुक्तों की तलाश कर रही थी। डीसीपी अभिषेक भारती ने बताया कि अभियुक्तों के कब्जे से गोवंश काटने वाला दो चापड़ सहित अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
उल्लेखनीय है कि गत दो मार्च को प्रयागराज जनपद के अतरसुइया थाना अंतर्गत दरियाबाद मोहल्ले में सड़क पर गाय के बच्चे का सिर और पैर सड़क पर पाया गया था। इस घटना की सूचना लोगों ने पुलिस को दी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने बाजार में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। इस घटना के बाद दरियाबाद मोहल्ले के निवासी गोपाल अग्रवाल ने पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया था। आसपास के लोगों में इस घटना के बाद आक्रोश व्याप्त था।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में अभियुक्तों ने घटना स्वीकार की है। गुरुवार सुबह दरियाबाद पुलिस चौकी के पास रहने वाले लोग अपने-अपने घरों से बाहर गोवंश के अवशेष देख हतप्रभ हो गए थे। घटना पर स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई थी।

















