नई दिल्ली: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभालने वाली नेता बन गई हैं। उनकी इस सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। पीएम मोदी ने X पोस्ट में लिखा- इटली में युद्ध बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर मेरी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी को बधाई। यह उपलब्धि उनके नेतृत्व में इटली की जनता के भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।
मोदी ने अपने बधाई संदेश में आगे लिखा कि उनकी दोस्ती ने भारत-इटली स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई है। मैं हमारे देशों के लोगों के लिए एक समृद्ध भविष्य बनाने के लिए हमारे करीबी सहयोग जारी रखने के लिए उत्सुक हूं। आने वाले वर्षों में उनकी निरंतर सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं। पीएम मोदी ने अपने इस पोस्ट में जॉर्जिया मेलोनी को भी टैग किया है।
मेलोनी ने लगातार 3 साल 10 महीने और 11 दिनों तक पीएम की कुर्सी पर बैठकर सबसे लंबे प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के नाम था।लेकिन अब मेलोनी ने इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। बता दें कि इटली में पिछले 80 साल में करीब 70 सरकारें बन चुकी हैं।

















