आज WhatsApp सिर्फ चैटिंग और कॉलिंग का जरिया नहीं रह गया है। अब इस ऐप के जरिए पेमेंट से जुड़े कई काम भी किए जा सकते हैं। इसी कड़ी में WhatsApp ने भारत में Bill Payments फीचर लॉन्च किया है। इस सुविधा की मदद से यूजर्स अब बिना किसी दूसरे ऐप पर जाए WhatsApp से ही कई तरह के बिल चेक और पेमेंट कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, नया फीचर भारत कनेक्ट यानी BBPS (Bharat Bill Payment System) नेटवर्क पर काम करेगा। इसमें 30 से ज्यादा कैटेगरी के 22,722 बिलर्स का सपोर्ट दिया गया है। यूजर्स बिजली, गैस, पानी, FASTag, इंश्योरेंस, क्रेडिट कार्ड और लोन की किस्त जैसे कई बिल WhatsApp के जरिए जमा कर सकेंगे।
WhatsApp से ऐसे भरें बिल
बिल पेमेंट करने के लिए सबसे पहले WhatsApp खोलना होगा। होम स्क्रीन पर दिखाई देने वाले ₹ (रुपये) आइकन पर टैप करने के बाद Bill Payments का विकल्प मिलेगा। यहां यूजर अपनी जरूरत के अनुसार बिल की कैटेगरी और संबंधित बिलर चुन सकता है। इसके बाद अकाउंट से जुड़ी जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। WhatsApp बिल की जानकारी और भुगतान की जाने वाली रकम स्क्रीन पर दिखाएगा। पेमेंट करने से पहले यूजर इस राशि को दोबारा चेक कर सकता है और इसके बाद भुगतान पूरा कर सकता है। WhatsApp के इस फीचर में यूजर्स को पेमेंट के लिए कई विकल्प मिलेंगे। बिल का भुगतान UPI, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड के जरिए किया जा सकेगा। इससे यूजर्स अपनी सुविधा के हिसाब से पेमेंट का तरीका चुन सकेंगे। इस फीचर में ‘Household Bills Summary’ नाम की सुविधा भी दी गई है। इसके जरिए पहले पेमेंट किए गए बिलर्स होम स्क्रीन पर आसानी से दिखाई देंगे। इससे अगली बार बिल भरते समय उन्हें दोबारा खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। WhatsApp के मुताबिक, एक ही बिलर के कई अकाउंट्स को भी मैनेज किया जा सकेगा। यानी घर, ऑफिस या परिवार के अलग-अलग सदस्यों के बिल एक ही जगह से संभालना आसान होगा। फिलहाल Bill Payments फीचर चरणबद्ध तरीके से रोलआउट किया जा रहा है। कंपनी के अनुसार, आने वाले कुछ हफ्तों में यह सुविधा भारत में Android और iOS यूजर्स के लिए उपलब्ध हो जाएगी।















