आधार कार्ड में छोटी सी गलती भी कई बार बड़ी परेशानी खड़ी कर देती है। खासकर जब गलती जन्मतिथि से जुड़ी हो। बैंकिंग से लेकर सरकारी योजनाओं तक, कई जरूरी कामों में आधार का इस्तेमाल होता है। ऐसे में अगर आधार में दर्ज जन्मतिथि आपके दूसरे दस्तावेजों से अलग है, तो आगे चलकर दिक्कत हो सकती है। यही वजह है कि बहुत से लोग जानना चाहते हैं कि आधार में गलत जन्मतिथि को कैसे ठीक कराया जाए और इसके लिए कौन-से दस्तावेज जरूरी होंगे।
आधार में जन्मतिथि को अपडेट कराने को लेकर अक्सर लोगों में भ्रम रहता है। कई लोगों का मानना है कि जन्मतिथि केवल एक बार ही बदली जा सकती है। हालांकि, एक बार जन्मतिथि अपडेट होने के बाद दोबारा बदलाव की मांग को सामान्य अपडेट नहीं माना जाता। ऐसे मामलों में UIDAI की ओर से अतिरिक्त जांच की जा सकती है। अगर आपको दूसरी बार जन्मतिथि में सुधार कराना है, तो आपसे पहले की तुलना में ज्यादा मजबूत प्रमाण मांगा जा सकता है। इसलिए आवेदन करने से पहले अपने दस्तावेजों में दर्ज जन्मतिथि को अच्छी तरह जांच लेना जरूरी है।
जन्मतिथि सुधार के लिए कौन-सा दस्तावेज चाहिए?
Got a DoB update query?
Here’s what you need to know about updating your Date of Birth in Aadhaar.
Visit this link to read the SOP for updating the DoB: https://t.co/Oa0A4jHyUw#Aadhaar #UIDAI #FAQOfTheWeek pic.twitter.com/ptAaiMyzHs— Aadhaar (@UIDAI) August 31, 2026
जन्मतिथि को सही साबित करने के लिए जन्म प्रमाण पत्र सबसे अहम दस्तावेजों में से एक है। अगर आपके आधार में पहले किसी दूसरे दस्तावेज के आधार पर जन्मतिथि दर्ज की गई थी और अब उसमें सुधार करवाना है, तो मजबूत प्रमाण के तौर पर जन्म प्रमाण पत्र की जरूरत पड़ सकती है। यह भी जरूरी है कि आपके दस्तावेजों में दर्ज नाम और जन्मतिथि एक-दूसरे से मेल खाते हों। अलग-अलग दस्तावेजों में अलग जानकारी होने पर अपडेट की प्रक्रिया में अतिरिक्त जांच हो सकती है। अगर आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि गलत है, लेकिन असली गलती आपके जन्म प्रमाण पत्र में ही है, तो पहले जन्म रिकॉर्ड को ठीक कराना होगा। संबंधित कार्यालय में सुधार के लिए आवेदन करके संशोधित जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा सकता है। इसके बाद सही जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर आधार में जन्मतिथि अपडेट कराने की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। गलत दस्तावेज के आधार पर आधार में बदलाव कराने की कोशिश करने से बचना चाहिए। कई बार गलती आवेदक की नहीं बल्कि आधार सेंटर पर डेटा एंट्री के दौरान हो जाती है। मान लीजिए आपने सही दस्तावेज दिए, लेकिन ऑपरेटर ने जानकारी भरते समय जन्मतिथि गलत दर्ज कर दी। ऐसी स्थिति में पहले जमा किए गए दस्तावेज और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच की जा सकती है। अगर जांच में यह साबित होता है कि आपने सही जानकारी दी थी और गलती सेंटर पर हुई, तो मामले के अनुसार सुधार की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। आधार में जन्मतिथि सुधार कराने से पहले सभी जरूरी दस्तावेजों को ध्यान से जांच लें। खासकर जन्म प्रमाण पत्र में नाम और जन्मतिथि सही है या नहीं, यह जरूर देख लें। अगर पहले भी जन्मतिथि अपडेट करा चुके हैं, तो दोबारा बदलाव के लिए अतिरिक्त जांच की संभावना रहती है। इसलिए आधार में जन्मतिथि सुधार के लिए हमेशा सही और वैध दस्तावेजों का इस्तेमाल करें और UIDAI के मौजूदा नियमों के अनुसार ही प्रक्रिया पूरी करें।














