असम के बारपेटा जिले में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने मंगलवार (29 सितंबर) को देशविरोधी और जिहादी गतिविधियों में शामिल छह जिहादियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के संबंध ‘इमाम महमूदेर काफिला’ (IMK) से थे, जो भारत में प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश’ (JMB) की कट्टरपंथी शाखा है।
अधिकारियों ने बताया कि एनआईए ने असम पुलिस की मदद से सोमवार (28 सितंबर) देर रात हाउली, बारपेटा रोड और सोरभोग क्षेत्र में आने वाले कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एजेंसी ने बारपेटा रोड इलाके के आजाद नगर से मुस्तफिजुर रहमान, हाउली इलाके से याकूब अली, रकीबुल इस्लाम और सोरभोग इलाके के जाकिर हुसैन, संबर अली और फारूक अब्दुल्ला को गिरफ्तार किया। बांग्लादेशी मुस्लिम आबादी वाला बारपेटा जिला असम में जिहादी गतिविधियों का केंद्र बन गया है। इससे पहले भी इस जिले से कई कट्टरपंथी जिहादियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
मार्च 2026 में भी हुई थी गिरफ्तारी
इससे पहले गिरफ्तार किए गए सभी छह जिहादियों को मार्च 2026 में इमाम महमूदेर काफिला से जुड़े होने के कारण गिरफ्तार किया गया था। बाद में कोर्ट ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया था। कुछ महीनों बाद एनआईए को पुख्ता खुफिया जानकारी मिली कि जमानत मिलने के बाद ये सभी राज्य में आईएमके का दायरा बढ़ाने के काम में फिर से जुट गए हैं। आईएमके को आतंकवादी इमाम महमूद ने पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और असम में जेएमबी का नेटवर्क फैलाने के लिए बनाया था। IMK नेटवर्क का मुख्य आरोपी मुस्तफिजुर रहमान, जो बारपेटा में जामा मस्जिद रोड पर कपड़ों की दुकान चलाता है, को मार्च 2026 में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने गिरफ्तार किया था। इसके पास से एसटीएफ ने कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने से जुड़े कई आपत्तिजनक दस्तावेज, लैपटॉप व मोबाइल फोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जब्त किए थे। अपनी जांच में एसटीएफ ने पाया कि रहमान सोशल मीडिया ग्रुप्स का इस्तेमाल करके जेएमबी में मुस्लिम युवाओं की भर्ती कर रहा था। एसटीएफ ने दिसंबर 2025 में भी असम में IMK मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया और अलग-अलग हिस्सों से 10 जिहादियों और त्रिपुरा से एक अन्य जिहादी को गिरफ्तार किया था।
अगस्त में शहजाद भट्टी से जुड़े आतंकी को किया था गिरफ्तार
इस साल अगस्त में स्पेशल टास्क फोर्स ने पाकिस्तान स्थित आतंकी मॉड्यूल ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ (SBN) से जुड़े एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी दक्षिणी असम के हैलाकांडी जिले में की गई थी। जिहादी फजल इस्लाम बरभुइया राज्य के बराक वैली इलाके में शहजाद भट्टी नेटवर्क का बेस बनाने में शामिल था। STF ने हैलाकांडी के रामनाथपुर इलाके में छापेमारी की और 26 अगस्त को फजल इस्लाम को गिरफ्तार कर किया। छापेमारी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन और अहम दस्तावेज बरामद किए गए। पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच अभी जारी है। हाल ही में गृह मंत्रालय ने शहजाद भट्टी नेटवर्क को एक प्रतिबंधित आतंकी संगठन घोषित किया है।
ये भी पढ़ें – गुवाहाटी में एनआईए कोर्ट ने छह जिहादियों को दोषी ठहराया, सभी आतंकी जेएमबी—असम मॉड्यूल से थे जुड़े
















