काम की खबरें

Instagram पर क्यों वायरल हो रही हैं 80s वाली AI Photos? ChatGPT से ऐसे बनाएं अपनी तस्वीर

इन दिनों एक ऐसा AI फोटो ट्रेंड लोगों का ध्यान खींच रहा है, जो उन्हें सीधे 80 के दशक की यादों में ले जा रहा है। Instagram पर नजर आने वाली इन तस्वीरों को देखकर ऐसा लगता है जैसे इन्हें किसी पुराने कैमरे से कई साल पहले खींचा गया हो।

Published by
Mahak Singh

आज के दौर में सोशल मीडिया पर हर दिन कोई न कोई नया ट्रेंड वायरल होता रहता है। कभी लोग अपनी तस्वीरों को कार्टून में बदलते हैं तो कभी किसी खास फिल्म या दौर का लुक अपनाते हैं। लेकिन इन दिनों एक ऐसा AI फोटो ट्रेंड लोगों का ध्यान खींच रहा है, जो उन्हें सीधे 80 के दशक की यादों में ले जा रहा है। Instagram पर नजर आने वाली इन तस्वीरों को देखकर ऐसा लगता है जैसे इन्हें किसी पुराने कैमरे से कई साल पहले खींचा गया हो। बड़े और घने बाल, रंगीन कपड़े, स्टेटमेंट ज्वेलरी, हल्की पीली रोशनी और फोटो में दिखता फिल्म ग्रेन इस ट्रेंड को खास बना रहा है।

इस ट्रेंड को ChatGPT ’80s Photo Trend कहा जा रहा है। इसमें लोग अपनी सामान्य फोटो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से 1980 के दशक की तस्वीर जैसा बना रहे हैं। खास बात यह है कि इसके लिए फोटो एडिटिंग की ज्यादा जानकारी की जरूरत नहीं है। सही फोटो और एक अच्छा प्रॉम्प्ट देकर मनचाहा रेट्रो लुक तैयार किया जा सकता है। इस ट्रेंड में AI आपकी मौजूदा तस्वीर को 80 के दशक के अंदाज में बदलता है। इसमें सिर्फ फोटो पर पुराना फिल्टर नहीं लगाया जाता, बल्कि उस समय के फैशन, हेयरस्टाइल, बैकग्राउंड, लाइटिंग और कैमरा क्वालिटी को भी शामिल किया जाता है। आप चाहें तो अपनी फोटो को 80s बॉलीवुड पोर्ट्रेट, पुराने फैमिली एल्बम, रेट्रो वेडिंग फोटो या दूरदर्शन के दौर के स्टूडियो पोर्ट्रेट जैसा बना सकते हैं। इस ट्रेंड की सबसे बड़ी वजह पुरानी यादों का आकर्षण है। 80 का दशक भारतीय सिनेमा, फैशन और संगीत के लिए खास माना जाता है। उस दौर की तस्वीरों में जो सादगी और अलग अंदाज नजर आता था, वही चीज अब AI के जरिए दोबारा देखने को मिल रही है। लोग अपनी तस्वीरों को Instagram पोस्ट, Reels और ‘Add Yours’ जैसे फीचर्स पर शेयर कर रहे हैं। यही वजह है कि यह ट्रेंड तेजी से लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहा है।

ChatGPT से 80s फोटो कैसे बनाएं?

सबसे पहले ChatGPT में अपनी एक साफ फोटो अपलोड करें। इसके बाद बताएं कि आप फोटो को किस तरह का 80s लुक देना चाहते हैं। कपड़े, हेयरस्टाइल, बैकग्राउंड, लाइटिंग और फोटो के मूड की जानकारी जितनी स्पष्ट होगी, रिजल्ट उतना बेहतर मिल सकता है। अगर पहली तस्वीर आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं आती है तो प्रॉम्प्ट में बदलाव करके दोबारा कोशिश कर सकते हैं। चेहरे की पहचान और प्राकृतिक स्किन टोन को बनाए रखने के लिए इसे प्रॉम्प्ट में साफ तौर पर लिखना भी उपयोगी रहेगा। इस तरह बिना किसी पुराने कैमरे या महंगे फोटो एडिटिंग सॉफ्टवेयर के आप अपनी एक सामान्य तस्वीर को 80 के दशक की यादगार फोटो जैसा लुक दे सकते हैं।

Share