आज के डिजिटल दौर में आधार कार्ड हमारी पहचान का सबसे अहम हिस्सा बन चुका है। बैंक अकाउंट खुलवाना हो, मोबाइल सिम लेना हो या किसी सरकारी योजना का फायदा उठाना हो- हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) ने हाल ही में एक नया और अपडेटेड आधार ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप का मकसद लोगों को बार-बार फिजिकल डॉक्यूमेंट साथ रखने की झंझट से राहत देना और डिजिटल पहचान को और ज्यादा सुरक्षित बनाना है।
इस लॉन्च के साथ ही UIDAI ने अपने ऑफिशियल X (पहले ट्विटर) अकाउंट पर एक जरूरी सुरक्षा सलाह भी जारी की है। इसमें यूजर्स को बताया गया है कि वे अपनी डिजिटल पहचान को सुरक्षित रखने के लिए किन बातों का ध्यान रखें। आज के समय में साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में ये सावधानियां बेहद जरूरी हो जाती हैं।
आधार क्यों है इतना जरूरी- आपका आधार कार्ड कई जरूरी सेवाओं का गेटवे है। इसमें आपकी पर्सनल जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि, पता और बायोमेट्रिक डाटा (फिंगरप्रिंट, आंखों की पुतली आदि) जुड़ा होता है। अगर ये जानकारी गलत हाथों में चली जाए, तो इसका गलत इस्तेमाल हो सकता है। इससे फाइनेंशियल फ्रॉड, पहचान की चोरी (Identity Theft) और अन्य साइबर अपराध हो सकते हैं। इसीलिए UIDAI ने यूजर्स को कुछ आसान लेकिन बेहद जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी है।
OTP कभी किसी से शेयर न करें- आधार से जुड़ा वन-टाइम पासवर्ड यानी OTP आपकी सुरक्षा की आखिरी दीवार होता है। UIDAI साफ तौर पर कहता है कि अपना OTP किसी के साथ भी शेयर न करें, चाहे सामने वाला खुद को सरकारी कर्मचारी ही क्यों न बताए। OTP के बिना कोई भी आपके आधार से जुड़ी जानकारी तक नहीं पहुंच सकता।
मास्क्ड आधार का इस्तेमाल करें- जब भी आपको कहीं पहचान के लिए आधार देना हो, जैसे होटल में चेक-इन या सिम कार्ड लेते समय, तो मास्क्ड आधार का इस्तेमाल करें। इसमें आपके आधार नंबर के पहले 8 अंक छिपे होते हैं और सिर्फ आखिरी 4 अंक दिखाई देते हैं। इससे आपका पूरा 12 अंकों का आधार नंबर सुरक्षित रहता है।
यह भी पढ़ें- आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल रोकना है? तुरंत करें बायोमेट्रिक लॉक
बायोमेट्रिक लॉक जरूर करें- UIDAI आपको बायोमेट्रिक लॉक करने की सुविधा देता है। आप ऑफिशियल आधार ऐप या वेबसाइट से अपने फिंगरप्रिंट, आईरिस और फेस ऑथेंटिकेशन को लॉक कर सकते हैं। ऐसा करने से कोई भी व्यक्ति आपकी अनुमति के बिना आपके बायोमेट्रिक डेटा का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। जरूरत पड़ने पर आप इसे अस्थायी रूप से अनलॉक भी कर सकते हैं।
सोशल मीडिया पर आधार की फोटो पोस्ट न करें- आजकल लोग अनजाने में अपनी आधार कार्ड की फोटो सोशल मीडिया पर डाल देते हैं। यह बहुत खतरनाक हो सकता है। पब्लिक प्लेटफॉर्म पर आपकी जानकारी पहुंचते ही धोखेबाज इसका गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। इसलिए कभी भी आधार कार्ड की फोटो या कॉपी ऑनलाइन शेयर न करें।
धोखाधड़ी होने पर तुरंत कार्रवाई करें- अगर आपको जरा भी शक हो कि आपका डेटा लीक हो गया है या आप किसी साइबर फ्रॉड का शिकार हुए हैं, तो तुरंत एक्शन लें। आप इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं- साइबर क्राइम हेल्पलाइन: 1930, UIDAI हेल्पलाइन: 1947है। जितनी जल्दी आप शिकायत दर्ज करेंगे, उतनी जल्दी नुकसान को रोका जा सकता है।












