मानसून अब अपने अंतिम दौर की ओर बढ़ रहा है, लेकिन देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला अभी थमा नहीं है। सितंबर के दूसरे सप्ताह में मौसम एक बार फिर करवट लेता दिख रहा है। राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश तक कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
15 राज्यों में बारिश-तेज हवाओं का अलर्ट
दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दिल्ली में 10 सितंबर को मौसम साफ रहेगा, लेकिन 11 सितंबर से बादल छाने लगेंगे। 12 और 13 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। 14 सितंबर को राहत मिलेगी, जबकि 15 सितंबर को फिर बारिश की संभावना है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बहराइच, गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, गौतम बुद्ध नगर और जौनपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। यहां हवाएं 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं। लखनऊ में तापमान 32 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
बिहार में पटना, गोपालगंज, सिवान, बक्सर, सारण, वैशाली, भागलपुर और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। यहां हवाओं की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजस्थान के अलवर, भरतपुर, डीग, दौसा और करौली में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, गुना, खंडवा, श्योपुर, नर्मदापुरम और जबलपुर समेत कई जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं।















