अगर आप पुराने Android फोन में WhatsApp चला रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। WhatsApp ने कुछ पुराने Android वर्जन वाले स्मार्टफोन के लिए अपना सपोर्ट बंद कर दिया है। 8 सितंबर 2026 से Android 5.0 और Android 5.1 Lollipop पर चलने वाले कई डिवाइस में WhatsApp काम नहीं कर रहा है। ऐसे में इन फोन के यूजर्स के सामने अब WhatsApp चलाने के लिए फोन बदलने या Android वर्जन अपडेट करने का विकल्प है।
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp ने पहले ही जानकारी दी थी कि 8 सितंबर 2026 से Android 5.0 और 5.1 के लिए सपोर्ट खत्म कर दिया जाएगा। अब WhatsApp इस्तेमाल करने के लिए कम से कम Android 6.0 Marshmallow या उससे ऊपर का वर्जन जरूरी है। इस बदलाव का असर WhatsApp Messenger के साथ-साथ WhatsApp Business इस्तेमाल करने वाले यूजर्स पर भी पड़ेगा। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर पुराना फोन तुरंत WhatsApp चलाना बंद कर देगा। परेशानी मुख्य रूप से उन डिवाइस में होगी जिन्हें Android 6.0 या उससे ऊपर के वर्जन में अपडेट नहीं किया जा सकता।
किन फोन पर नहीं चलेगा WhatsApp?
WhatsApp का सपोर्ट उन पुराने डिवाइस के लिए खत्म हुआ है जो Android 5.0 या 5.1 पर अटके हुए हैं और आगे सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं कर सकते। इनमें से ज्यादातर स्मार्टफोन काफी पुराने हैं और उनके निर्माता कंपनियों की ओर से लंबे समय से कोई नया सिस्टम अपडेट उपलब्ध नहीं कराया गया है। भारत समेत कुछ अन्य देशों में आज भी पुराने Android फोन इस्तेमाल किए जाते हैं। ऐसे यूजर्स को इस बदलाव का सीधा असर देखने को मिल सकता है। अगर आपके फोन में Android 5.0 या 5.1 है, तो सबसे पहले फोन की Software Update सेटिंग में जाकर देखें कि कोई नया अपडेट उपलब्ध है या नहीं। अगर Android 6.0 या उससे ऊपर का अपडेट मिल जाता है, तो फोन को अपडेट कर लें। अगर आपके फोन के लिए कोई अपडेट उपलब्ध नहीं है और वह Android 6.0 या नए वर्जन को सपोर्ट नहीं करता, तो WhatsApp इस्तेमाल करने के लिए आपको नया स्मार्टफोन लेना होगा। WhatsApp लगातार नए फीचर्स और सुरक्षा से जुड़े अपडेट जोड़ता रहता है। पुराने Android वर्जन पर इन नए फीचर्स को ठीक से चलाना मुश्किल हो सकता है। इसलिए कंपनी समय-समय पर पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम का सपोर्ट बंद करती है, ताकि नए फीचर्स और बेहतर सुरक्षा पर ध्यान दिया जा सके।












