सोमवार शाम को कई WhatsApp यूज़र्स के लिए बड़ी परेशानी खड़ी हो गई। भारत में बड़ी संख्या में लोगों ने बताया कि उनका WhatsApp अकाउंट अचानक “Under Review” में चला गया। इसके बाद वे ऐप का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे। सबसे हैरानी की बात यह रही कि ज़्यादातर यूज़र्स को समझ ही नहीं आया कि उनका अकाउंट रिव्यू में क्यों डाला गया।
अचानक WhatsApp अकाउंट रिव्यू में, यूजर्स परेशान
WhatsApp पर एक नोटिस दिखाई दे रहा था, जिसमें लिखा था कि अकाउंट की एक्टिविटी और डिवाइस की जानकारी की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी बताया गया कि आमतौर पर 24 घंटे के भीतर रिव्यू पूरा हो जाएगा। हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि अकाउंट को किस वजह से फ्लैग किया गया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लोगों ने अपनी परेशानी साझा करनी शुरू कर दी। कई यूज़र्स ने कहा कि कुछ मिनट पहले तक उनका WhatsApp बिल्कुल सही चल रहा था, लेकिन अचानक उनका अकाउंट रिव्यू में चला गया। इससे लोग अपने परिवार, दोस्तों और ऑफिस के जरूरी काम भी नहीं कर पाए।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए WhatsApp की पैरेंट कंपनी Meta के एक प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी लगातार ऐसे लोगों पर कार्रवाई करती है जो प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने यह भी माना कि कभी-कभी सिस्टम से गलती हो सकती है। अगर ऐसा होता है, तो कंपनी उसे जल्द से जल्द ठीक करने की कोशिश करती है ताकि यूज़र्स दोबारा अपना अकाउंट इस्तेमाल कर सकें। हालांकि, कंपनी ने यह साफ नहीं किया कि इस बार इतनी बड़ी संख्या में अकाउंट्स रिव्यू में क्यों चले गए। यह भी नहीं बताया गया कि यह किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या ऑटोमैटिक सिस्टम ने गलती से कई अकाउंट्स को फ्लैग कर दिया। यह पहली बार नहीं है जब WhatsApp ने अकाउंट्स पर कार्रवाई की हो। कंपनी हर महीने स्पैम, फर्जी मैसेज और नियमों का उल्लंघन करने वाले लाखों अकाउंट्स पर बैन लगाती है। लेकिन इस बार मामला अलग था, क्योंकि लोगों के अकाउंट सीधे बैन नहीं हुए, बल्कि बिना किसी स्पष्ट कारण के “Under Review” में चले गए। फिलहाल जिन यूज़र्स का अकाउंट रिव्यू में है, उन्हें इंतजार करने की सलाह दी जा रही है। अगर 24 घंटे बाद भी अकाउंट वापस चालू नहीं होता है, तो WhatsApp सपोर्ट के जरिए दोबारा अपील की जा सकती है।














