मुजफ्फरनगर जिले के बघरा क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राधा के वेश में मंदिर जा रही 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर में तीन मुस्लिम युवकों पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास
तहरीर के अनुसार, शुक्रवार को नाबालिग राधा का वेश धारण कर मंदिर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में समीर नाम का युवक अपने दो साथियों के साथ मिला। आरोप है कि तीनों युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गए। परिजनों का आरोप है कि वहां समीर ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। काफी समय बीत जाने के बाद जब नाबालिग घर नहीं लौटी तो परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की। करीब दो घंटे बाद वे समीर के घर पहुंचे, जहां नाबालिग बेहोशी की हालत में मिली। परिजनों के पहुंचने से पहले ही आरोपित वहां से फरार हो चुके थे। इसके बाद परिवार के लोग नाबालिग को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने नाबालिग को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल जांच और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष मोहित कुमार के अनुसार, आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति भी बताई जा रही है। यशवीर योग साधना आश्रम, बघरा के स्वामी यशवीर ने आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मुस्लिम बस्ती का घेराव करने और आंदोलन की चेतावनी दी है।
















