आजमगढ़ जिले में कन्वर्जन का मामला सामने आया है। रौनापार थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में शुक्रवार सुबह प्रार्थना सभा के दौरान कन्वर्जन कराए जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कादीपुर गांव निवासी कांति देवी के घर शुक्रवार सुबह ईसा मसीह की प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी। बताया गया कि सभा में करीब 40 से 50 लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान रजादेपुर मठ के मठाधीश शिवसागर भारती को वहां कन्वर्जन कराए जाने की सूचना मिली। उन्होंने मामले की जानकारी रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दूबे को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही प्रार्थना सभा में मौजूद कुछ लोग वहां से निकल गए। पुलिस ने मौके पर मिले पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
शिवसागर भारती की ओर से पुलिस को तहरीर देकर प्रार्थना सभा की आड़ में कन्वर्जन कराए जाने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कादीपुर गांव निवासी कांति देवी और राहुल, रसूलपुर गांव निवासी बबिता देवी व घरभरन तथा तुरकौली गांव निवासी सुमन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच की जा रही है।

















