देहरादून: भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि एक वर्ग विशेष समुदाय की सहानुभूति लेने के लिए कांग्रेस ने SIR को मुद्दा बनाया है। कांग्रेस ने बीजेपी पर जो आरोप लगाया है कि वो फर्जी आपत्तियां लगवा रही है वो सरासर गलत है जबकि सच ये है कि ये आपत्तियां स्वयं कांग्रेस ने लगाई है और अब उसे मुद्दा बना कर तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।
बीजेपी के महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि SIR एक निर्वाचन प्रकिया है उसमें किसी पार्टी का दखल नहीं होता जो सही जो गलत है वो सामने आ जाता है। श्री बंसल ने कहा कि कांग्रेस, आपत्तियों को लेकर राजनीति कर रही है, जबकि उन नामों को लेकर खामोश क्यों है जो कि उत्तराखंड से लगे यूपी के जिलों की मतदाता सूची में भी दर्ज है और उत्तराखंड में भी दर्ज है। इन नामों को उत्तराखंड से हटाया जाना चाहिए क्योंकि उत्तरप्रदेश में एसआईआर की प्रकिया पहले पूरी हो चुकी है।
बंसल ने कहा कि हरिद्वार नैनीताल उधम सिंह नगर देहरादून पौड़ी गढ़वाल में ऐसे हजारों नाम निर्वाचन अधिकारियों की जांच पड़ताल में सामने आए है, यानि वो यूपी में भी वोट देते हैं और उत्तराखंड में दे रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे नामों पर चुप हो जाती है क्योंकि एक वर्ग विशेष उसे अपना वोट बैंक नजर आता है और इस बारे में एक भी ज्ञापन उसके द्वारा प्रशासन को अथवा निर्वाचन अधिकारियों को नहीं दिया गया है।
श्री बंसल ने कहा कि बीजेपी पारदर्शी लोकतंत्र में विश्वास रखती है और कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है और दोहरे वोटर के दम पर चुनाव लड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के अधिकारियों पर अनैतिक दबाव डाला जा रहा है और हकीकत से मुँह मोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल बिहार में भी कांग्रेस ने यही राजनीति की थी और एक वर्ग विशेष समुदाय को खुश करने के लिए राजनीति की थी।














