प्रयागराज। प्रयागराज जनपद में मुस्लिम युवक ने पीड़िता को लिफ्ट देने के बहाने कीडगंज थाना अंतर्गत रेलवे स्टेशन परिसर में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया था। अभियुक्त काफी दिनों से पीड़िता का पीछा कर रहा था। अभियुक्त ने धमकी दी थी कि अगर पीड़िता उसके संपर्क में नहीं रहेगी तो उसका नुकसान हो जाएगा। पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने अभियुक्त वाहिद अली को गिरफ्तार कर लिया है।
ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही थी पीड़िता
पुलिस ने बताया कि लड़की ट्यूशन पढ़ाकर घर आ रही थी। तभी उसका अपहरण कर लिया गया। पीड़िता प्रयागराज, मुट्ठीगंज थाना अंतर्गत की निवासी है। वह बाई का बाग मोहल्ले में रहकर पढ़ाई कर रही है। पीड़िता बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है। रोज की तरह पीड़िता रात आठ बजे ट्यूशन पढ़ाकर लौट रही थी।
गत 3 अगस्त की रात करीब 8 बजे ट्यूशन पढ़ाने के बाद लौटने के दौरान तेज बारिश हो रही थी। पीड़िता को घर लौटने का साधन न मिल पाने के कारण काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक रुका और उसने गंतव्य तक पहुंचाने की बात कही।
स्कूटी सवार युवक पीड़िता को रेलवे स्टेशन परिसर ले गया
स्कूटी सवार मुस्लिम युवक पीड़िता को लेकर रामबाग स्थित जीवन ज्योति अस्पताल के आगे बढ़ा तो पीड़िता ने उसे टोका। इस पर उसने कहा कि यह शॉर्टकट है। इसके बाद वह पीड़िता को रामबाग रेलवे स्टेशन परिसर के अंदर ले गया। पीड़िता का आरोप है कि स्टेशन परिसर के अंदर मुस्लिम युवक के चार अन्य साथी वहां पर पहले से मौजूद थे। अभियुक्तों ने पीड़िता को स्कूटी से नीचे उतारकर कार के अंदर खींच लिया।
निकाह के लिए दबाव बनाने और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि मुस्लिम युवक ने कहा कि वह काफी दिनों से उसका पीछा कर रहा था। उसका कहना था कि उसके चाचा विधायक हैं। उसने पीड़िता से निकाह करने के लिए कहा। जब पीड़िता ने मना कर दिया तो उसने दुष्कर्म का प्रयास किया। इसी दौरान पीड़िता की एक दोस्त का फोन आ गया। अभियुक्त ने पीड़िता का फोन छीन लिया। इसके बाद उसने पीड़िता के फोन से अपना फोन नंबर डायल किया और कहा कि “इस नंबर पर मुझसे बात करना, नहीं तो मैं तुम्हें दोबारा उठा लूंगा।”
शोर मचाने पर मौके से फरार हुए अभियुक्त
पीड़िता के द्वारा शोर करने पर कबाड़ एकत्र करने वाले पहुंच गए। इसके बाद मौके से अभियुक्त फरार हो गए। पीड़िता का कहना है कि जान बचाकर किसी तरह वह अपने कमरे पर पहुंची। पीड़िता ने इस घटना के बारे में रूम पार्टनर को बताया। उसके बाद पीड़िता ने मोबाइल नंबर को ट्रू कॉलर पर चेक किया तो उसमें उसका नाम वाहिद अली बता रहा था।
पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि गत 5 अगस्त को पीड़िता थाने पर आई थी। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई थी और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।














