‘राजस्थान वक्फ बोर्ड के सीईओ को हटाया जाए’
जोध पुर पत्रकारों से बात करते डॉ. सुरेंद्र जैन (बाएं से दूसरे), साथ मे हैं स्थानीय कार्यकर्ता
गत दिनों जोधपुर में विश्व हिंदू परिषद्, जोधपुर प्रांत कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक आयोजित हुई। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद् के संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन ने पत्रकार वार्ता में कहा कि यह वर्ष श्री अशोक सिंहल का जन्मशताब्दी वर्ष है। अशोक जी का जोधपुर से गहरा नाता रहा है।
आगामी 27 सितंबर से आरंभ हो रहे शताब्दी वर्ष के उद्घाटन पर जोधपुर में एक बड़ा हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा तथा प्रांत के सभी जिलों में भी हिंदू सम्मेलन होंगे। इसी कड़ी में जिलों में दुर्गावाहिनी के शौर्य संचलन एवं युवा सम्मेलन का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने के सरकार के निर्णय का विहिप स्वागत करती है।
उच्च न्यायालय ने भी इसको उचित ठहराया है और कहा है कि राष्ट्र की सुरक्षा सर्वोपरि है, यह बात अब सबको मानकर स्वयं ही सीमा क्षेत्र से अवैध निर्माण हटाने की पहल मुस्लिम समाज को करनी चाहिए। इससे यह प्रकट होगा कि उनके मन में राष्ट्रीय सुरक्षा का भाव महत्वपूर्ण है। अन्यथा सरकार द्वारा भी अतिक्रमण तो हटेंगे ही।
उन्होंने राजस्थान में वक्फ के नाम पर चल रही धांधली एवं मनमानी पर कहा कि अब यह खुलकर सामने आ रहा है। हजारों एकड़ सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करके उसको उम्मीद पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत करवाने का जो षड्यंत्र सामने आया है वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि केंद्र सरकार ने वक्फ कानून में संशोधन नहीं किया होता तो ये सारे देश पर ही कब्जा कर लेते। राजस्थान में धांधली पकड़ में आ गई है।
इसका केंद्र-बिंदु वक्फ बोर्ड का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अबू सूफियान बताया जा रहा है, साथ ही वक्फ बोर्ड में काम करने वाले कई सदस्य इस अपराध में संलिप्त हैं। विश्व हिंदू परिषद् मांग करती है कि गत 16 वर्ष से अपने पद पर कायम अबू सूफियान को अविलंब हटाया जाए एवं वक्फ बोर्ड में काम करने वाले अन्य लोगों को भी बदला जाए। साथ ही इस प्रकरण की गहन जांच कर दोषियों को कठोर दंड देना चाहिए।

















