उत्तर प्रदेश

शिव पार्क कॉलोनी में किराये की दुकान में पढ़ी जा रही थी नमाज, हिंदू संगठनों ने किया विरोध, जांच में जुटी पुलिस

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र की शिव पार्क कॉलोनी में एक किराये की दुकान में नमाज पढ़े जाने का मामला सामने आने के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

Published by
Mahak Singh

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र की शिव पार्क कॉलोनी में एक किराये की दुकान में नमाज पढ़े जाने का मामला सामने आने के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों के साथ हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने इसका विरोध किया। नमाज पढ़ रहे लोग मौका देखते ही वहां से भाग निकले। फिलहाल दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।

दुकान में नमाज की सूचना पर हंगामा

जानकारी के अनुसार, शिव विहार कॉलोनी निवासी संदीप बघेल ने अपनी एक दुकान खोड़ा के रहने वाले एक युवक को किराये पर दी थी। संदीप का कहना है कि 4 अगस्त की दोपहर उन्होंने देखा कि दुकान के अंदर काफी संख्या में लोग मौजूद हैं। वहां छोटे बच्चे भी दिखाई दे रहे थे। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो पता चला कि दुकान के अंदर करीब 20 लोग नमाज पढ़ रहे थे। संदीप बघेल ने इस पर आपत्ति जताई और इसका विरोध किया। इसी दौरान आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी मिल गई। कुछ ही देर में हिंदू रक्षा दल के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। उनके पहुंचने के बाद वहां हंगामे जैसी स्थिति बन गई। हिंदू रक्षा दल के खोड़ा अध्यक्ष सोनू शर्मा ने बताया कि दुकान के अंदर करीब 20 लोग मौजूद थे, जिनमें बच्चे और बड़े दोनों शामिल थे। उनका कहना है कि सभी लोग नमाज अदा कर रहे थे। विरोध होने के बाद वहां मौजूद लोग मौके से चले गए। इसके बाद पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

घटना के बाद दुकान मालिक ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि दुकान किराये पर देते समय उन्हें इस तरह की गतिविधि की कोई जानकारी नहीं थी। इसलिए उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने का अनुरोध किया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि जिस व्यक्ति ने दुकान किराये पर ली थी, उससे पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा यह भी पता लगाया जाएगा कि दुकान का उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share