पंजाब के मोगा जिला अंतर्गत सदर थाने पर हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोगा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ सख्त आतंकवाद विरोधी कानून यूएपीए (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया है।
सभी आरोपी फिरोजपुर के निवासी, पांच दिन का मिला रिमांड
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपी पड़ोसी जिले फिरोजपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सभी 13 आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया।
अदालत ने मामले की गंभीरता और आगे की पूछताछ के लिए सभी आरोपियों को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब इनसे हमले के पीछे के मास्टरमाइंड और टेरर लिंक को लेकर पूछताछ करेगी।
क्या था पूरा मामला?
यह सनसनीखेज वारदात 8 जुलाई की सुबह घटित हुई थी। मोगा-फिरोजपुर रोड पर स्थित सदर थाने को निशाना बनाकर सुबह करीब 3.15 बजे एक जोरदार धमाका किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, दो मोटरसाइकिल सवार अज्ञात युवक थाने के बाहर पहुंचे और उन्होंने अंदर हैंड ग्रेनेड फेंक दिया। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल गया।
हालांकि, गनीमत यह रही कि विस्फोट में इस्तेमाल किया गया ग्रेनेड कम क्षमता (लो-इंटेंसिटी) का था, जिसके कारण कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और न ही कोई पुलिसकर्मी हताहत हुआ।
साक्ष्य जुटाए गए
मामले की जांच के लिए स्पेशल फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई घंटों तक बारूद और धमाके से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

















