धरती का तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसका असर ये हो रहा है कि ठंडे क्षेत्रों में गिने जाने वाले यूरोप और अमेरिका जैसे देशों में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बीते दिनों गर्मी के कारण यूरोप में कई मौतें हुई। अब अमेरिका में भी यही हाल है। इसी को ध्यान में रखते हुए न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान मामदानी ने शहरवासियों से गर्मी के इस मौसम में बिजली का इस्तेमाल सावधानी से करने की अपील की है। तेज गर्मी के कारण बिजली की मांग बहुत बढ़ गई है, इसलिए पावर ग्रिड पर दबाव कम करने के लिए कुछ आसान उपाय बताए गए हैं। यूरोप में हाल ही में एसी पर लगी पाबंदी जैसी स्थिति यहां भी महसूस की जा रही है।
मेयर ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “न्यूयॉर्क: बाहर बहुत गर्मी है और पावर ग्रिड हम सबको ठंडा रखने के लिए पूरी ताकत से काम कर रहा है। अपना एसी 78 डिग्री पर सेट करो, जिन लाइट्स और इलेक्ट्रॉनिक्स का इस्तेमाल नहीं हो रहा उन्हें बंद कर दो और जो अनावश्यक चीजें हैं उन्हें अनप्लग कर दो।”
उन्होंने आगे कहा कि शहर की तरफ से भी पूरा प्रयास किया जा रहा है। सरकारी इमारतों में भी 78 डिग्री का नियम लागू किया गया है। पीक टाइम में लाइट्स कम या बंद की जा रही हैं, प्राइवेट पार्टनर्स से भी यही अपील की गई है और जरूरी न होने वाले उपकरण बंद किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि ग्रिड स्थिर रहेगा तो एसी चलता रहेगा और लोगों की जान बच सकेगी।
क्या है शहर की तैयारी
मामदानी ने लोगों से कहा है कि जहां तक हो सके घर के अंदर एसी वाले कमरे में ही रहें। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, हृदय या सांस की बीमारी वाले लोगों और पालतू जानवरों का खास ध्यान रखें। जिनके पास अच्छा एसी नहीं है, वे शहर के कूलिंग सेंटर्स जा सकते हैं। पिछले दिनों मेयर ने चेतावनी दी थी कि यह पिछले दस साल में सबसे तेज गर्मी का मौसम हो सकता है। तापमान 100 डिग्री के आसपास पहुंचने की उम्मीद है और हीट इंडेक्स 112 डिग्री तक जा सकता है। नेशनल वेदर सर्विस ने न्यूयॉर्क सिटी के लिए एक्सट्रीम हीट वार्निंग जारी कर दी है। छुट्टियों के मौसम के लिए एक्सट्रीम हीट वॉच भी लगाई गई है।
इसे भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान संघर्ष नया रूप: बुशहर परमाणु प्लांट के पास हमले, तनाव चरम पर
शहर ने हीट इमरजेंसी प्लान को सक्रिय कर दिया है। अलग-अलग विभागों को तैयार रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों की मदद की जा सके।
हीट स्ट्रोक के लक्षण पहचानें
मेयर ने लोगों को हीट स्ट्रोक के लक्षण बताए हैं। अगर किसी को कन्फ्यूजन, चक्कर आना, उल्टी जैसा महसूस होना या सांस लेने में तकलीफ हो तो तुरंत इमरजेंसी सेवाओं को कॉल करें।
दिया यूरोप का उदाहरण
पिछले महीने यूरोपियन कमीशन ने नए नियम प्रस्तावित किए थे। एसी और दूसरे घरेलू उपकरण लगाने वालों को ग्राहकों को एनर्जी एफिशिएंसी की पूरी जानकारी देनी होगी। यूरोप में भी तेज गर्मी पड़ी थी, जिससे एसी की मांग बढ़ गई। फ्रांस और स्पेन जैसे देशों में दुकानों पर एसी की बिक्री अच्छी रही।












