अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान फिर से धमकी दी है। उन्होंने ईरानी लोगों को खामेनेई के लिए इतना शोक मनाते देखकर हैरानी जताई। साथ ही कहा कि इस भीड़ में बहुत लोग हैं, जिन्हें हम चाहें तो एक गोली में हिसाब कर सकते हैं। लेकिन हम अच्छे हैं। इसलिए उन्हें खामेनेई का अंतिम संस्कार करने दे रहे हैं।
‘लोग उनसे नफरत करते हैं, ऐसा सोचा था’
ट्रंप ने कहा, “शायद ये नकली आंसू हैं।” खामेनेई 36 साल तक ईरान के सुप्रीम लीडर रहे। वे 28 फरवरी को मारे गए, जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमले शुरू किए थे, जिससे इलाके में युद्ध छिड़ गया। ईरान में इस हफ्ते भर चलने वाले अंतिम संस्कार में लाखों लोग सड़कों पर जमा हुए हैं। यह इन दिनों दुनिया भर में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली घटनाओं में से एक है। शनिवार को ईरानी संसद स्पीकर मोहम्मद बागेर ग़ालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची को अलविदाई समारोह में रोते हुए देखा गया।
इसे भी पढ़ें: ट्रंप ने पुतिन और ज़ेलेंस्की से की फोन बात, यूक्रेन युद्ध खत्म करने का दावा
ट्रंप बोले- ईरान डील करने को बेताब है
ट्रंप ने Axios में आगे बताया कि ईरान के साथ बातचीत चल रही है। दोनों पक्षों ने अंतिम संस्कार के सम्मान में एक हफ्ते के लिए बातचीत रोकने पर सहमति जताई है। इस दौरान कोई हमला नहीं होगा। ट्रंप ने कहा, “वे सब वहां इकट्ठे हैं। एक गोली में हम उन्हें सबको खत्म कर सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं करेंगे क्योंकि फिर बातचीत करने के लिए कोई बचेगा ही नहीं। वे डील करने के लिए मिन्नतें कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि ईरान को अच्छे इरादे से युद्ध रोकने की मोहलत दी गई है। ट्रंप ने आगे कहा, “हमने वेनेजुएला को एक दिन में हरा दिया और ईरान को बुरी तरह मारा। वे सुलह करने को बेताब हैं। हमने उन्हें अंतिम संस्कार के लिए एक हफ्ते की छूट दी क्योंकि हम अच्छे हैं।”
खामेनेई का अंतिम संस्कार 4 जुलाई को शुरू हुआ, जो अमेरिका की 250वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ के दिन था। आगे 7 जुलाई को क़ोम में और 9 जुलाई को मशहद में दफनाने की रस्में तय हैं। ट्रंप ने कहा कि ईरान के लोग खामेनेई के लिए जो आंसू बहा रहे हैं, वो देखकर उन्हें हैरानी हुई क्योंकि उन्होंने सोचा था कि लोग उनके बारे में अलग महसूस करते होंगे। पूरा घटनाक्रम ईरान-अमेरिका-इजराइल तनाव के बीच हो रहा है, जहां युद्ध के बाद अब बातचीत की कोशिशें चल रही हैं।
















