अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप डील और धमकी साथ-साथ लेकर चलते हैं। वो ईरान को धमकाकर मनमाने तरीके से डील करना चाहते हैं। ट्रंप की कोशिश है कि ईरान उनकी सभी शर्तें माने, लेकिन वो नहीं। इसी क्रम में एक बार फिर से उन्होंने ईरान को फिर से धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर बुधवार तक कोई समझौता नहीं हुआ तो वे ईरान पर बमबारी शुरू कर देंगे।
ट्रंप ने यह बात अपने विमान एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए कही। उन्होंने कहा, “शायद मैं इसे बढ़ाऊंगा नहीं, लेकिन ब्लॉकेड (ईरानी बंदरगाहों पर) जारी रहेगा। तो ब्लॉकेड है, और दुर्भाग्य से हमें फिर से बम गिराने शुरू करने पड़ेंगे।” उन्होंने उम्मीद जताई कि कोई डील हो जाएगी, लेकिन साथ ही साफ संकेत दिया कि अगर बात नहीं बनी तो सैन्य कार्रवाई हो सकती है।
ईरान-अमेरिका के बीच कूटनीतिक बातचीत रुकी
यह चेतावनी तब आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच डिप्लोमैसी रुकी हुई है। हाल ही में पाकिस्तान में दोनों देशों के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत हुई थी, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। दोनों पक्ष मुख्य मुद्दों पर सहमत नहीं हो पाए हैं, जैसे प्रतिबंध हटाना, न्यूक्लियर प्रोग्राम और समुद्री सुरक्षा।
ईरानी बंदरगाहों पर है अमेरिकी नाकाबंदी
फिलहाल स्थिति यह है कि अमेरिका ने अप्रैल के मध्य से ईरानी बंदरगाहों पर नौसेना ब्लॉकेड लगा रखा है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों को रोका जा रहा है। ईरान ने इसे गैरकानूनी और उकसावे भरा बताया है। ईरानी नेता कह रहे हैं कि अगर यह दबाव जारी रहा तो हार्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
हार्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यहां से दुनिया का करीब 20 प्रतिशत तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस गुजरता है। इस इलाके में तनाव बढ़ने से ग्लोबल एनर्जी मार्केट में सावधानी बरती जा रही है। ट्रंप ने पहले भी कई बार कहा है कि अगर डील नहीं हुई तो अमेरिका मजबूत कदम उठाएगा। वे इस बात पर जोर देते रहे हैं कि ईरान के पास कोई विकल्प नहीं है और बातचीत ही एकमात्र रास्ता है। लेकिन साथ ही उन्होंने सैन्य तैयारी का जिक्र भी किया है।
















