पुलिस ने आज दो हथियार तस्करों को काबू कर उनसे भारी मात्रा में पाकिस्तान से आए हथियार बरामद किए हैं। आरोपियों में एक व्यक्ति नशा छुड़ाओ केंद्र की आड़ में यह धंधा कर रहा था। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के कब्जे से सात पिस्तौल, सात मैगजीन और चालीस कारतूस बरामद कर केस दर्ज कर लिया गया है। सारे हथियार पाकिस्तानी तस्करों ने ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। सीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की धरपकड़ जारी है।
पुलिस ने बताई आरोपियों की पहचान
पकड़ा गया गुरबाज सिंह भाई मंझ सिंह इलाके में नशा छुड़ाओ केंद्र भी संचालित कर रहा है। पुलिस लाइन में बुधवार की शाम आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में सीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर, डीसीपी रविंदर पाल सिंह ने पकड़े गए आरोपितों की पहचान तरनतारन के थाना भिखीविंड के अधीन पड़ते गांव सुर सिंह गांव निवासी सुरजीत सिंह उर्फ राणा (33) और तरनतारन रोड स्थित भाई मंझ सिंह इलाके में रहने वाले गुरबाज सिंह (26) के रूप में बताई है।
आरोपी पर पहले भी दर्ज है मामला
इंस्पेक्टर अमोलक सिंह को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपित हथियारों की सप्लाई करने निकले हैं। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर उसे धर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल सात विदेशी पिस्तौल, सात मैगजीन और चालीस कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपितों ने स्वीकार किया है कि वह पाकिस्तानी तस्करों के साथ मिलकर यहां पंजाब के गैंग्सटरों को हथियारों की सप्लाई कर रहा है।
पूछताछ में पता चला कि सुरजीत सिंह राणा के खिलाफ अगस्त-2025 में थाना भिखीविंड में प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी का केस दर्ज है। आरोपित पुलिस को वांछित है। उसके साथी के कब्जे से पांच हजार नशे को गोलियां बरामद की गई थीं।
नशा छुड़ाओ केंद्र की जांच होगी
सीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जांच में सामने आया है कि गुरबाज सिंह तरनतारन रोड स्थित भाई मंझ सिंह इलाके में पिछले कुछ दिनों से नशा छुड़ाओ केंद्र भी चला रहा है। इसे लेकर आर्थिक जांच भी करवाई जाएगी कि गुरबाज सिंह को नशा छुड़ाओ केंद्र को चलाने के लिए फंड कहां से मिल रहे थे। इस मामले में सिविल सर्जन कार्यालय को भी लिखा जा रहा है। दोनों आरोपितों की मोबाइल डिटेल्स और लोकेशंस इत्यादि की भी जांच करवाई जा रही है।














