जनपद चंदौली से 50 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त नुरूल खान को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने उसे गुड़िया सिंगार स्टोर एवं ब्यूटी पार्लर के सामने, बाराचट्टी, थाना क्षेत्र बाराचट्टी, जनपद गया (बिहार) से गिरफ्तार किया है। नुरूल के खिलाफ उत्तर प्रदेश के जनपद चंदौली में गोबध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत है। नुरूल बिहार के जनपद गया का रहने वाला है।
एसटीएफ ने बिहार से 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त नुरूल खान को किया गिरफ्तार
एसटीएफ को जानकारी मिली थी कि अभियुक्त नुरूल खान गया (बिहार) में कहीं छिपकर रह रहा है। एसटीएफ की टीम ने गुड़िया सिंगार स्टोर एवं ब्यूटी पार्लर के सामने, बाराचट्टी, थाना क्षेत्र बाराचट्टी, जनपद गया (बिहार) से अभियुक्त नुरूल खान को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में ट्रक चालक होने की बात कबूली
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त नुरूल खान ने बताया कि वह मूल रूप से जनपद गया, बिहार का रहने वाला है और ट्रक चलाने का काम करता है।
7 जनवरी 2025 को गोवंश से भरा ट्रक छोड़कर हुआ था फरार
नुरूल खान ने बताया कि गत 7 जनवरी 2025 को ट्रक संख्या BR02GA6205 में वह कानपुर से 30 गोवंश लादकर अपने मालिक फिरोज के निर्देशन में बिहार ले जा रहा था।
चंदौली थाना क्षेत्र में पहुंचने पर सड़क पर जाम लग गया था, जिसे पुलिस द्वारा हटाया जा रहा था। तभी पुलिसकर्मियों को देखकर वह कंटेनर में लदे गोवंश के कारण गिरफ्तारी के डर से जाम का फायदा उठाकर मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
गोबध निवारण अधिनियम समेत कई धाराओं में दर्ज हुआ था मुकदमा
उक्त घटना के संबंध में थाना चंदौली में गोबध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा बीएनएस की धारा 325 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था, जिसमें उसका नाम प्रकाश में आया था।
कुछ दिन बाद उसे पता चला कि उक्त मुकदमे में उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है।
गिरफ्तारी से बचने के लिए बिहार में छिपकर रह रहा था अभियुक्त
नुरूल खान ने पूछताछ में बताया कि इनाम घोषित होने के बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए बिहार में ही छिपकर रह रहा था।















