उत्तर प्रदेश

काशी के दालमंडी में मस्जिदों के कुछ हिस्सों के ध्वस्तीकरण का कार्य शुरू, शांति व्यवस्था सामान्य

दालमंडी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण परियोजना के तहत प्रशासन की ओर से ध्वस्तीकरण अभियान लगातार जारी है।

Published by
सुनील राय

वाराणसी: दालमंडी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण परियोजना के तहत प्रशासन की ओर से ध्वस्तीकरण अभियान लगातार जारी है। इस परियोजना की जद में छह मस्जिदें भी आई हैं। बुधवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चौक थाने के पीछे स्थित करीमुल्लाह बेग मस्जिद की दीवारों के ध्वस्तीकरण का कार्य शुरू किया गया।

ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी

शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से 650 मीटर लंबे दालमंडी मार्ग को लगभग 17.5 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत 181 से अधिक भवन चिह्नित किए गए हैं, जिनमें से 100 से अधिक भवनों का ध्वस्तीकरण पूरा हो चुका है। ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बल की तैनाती की गई है। प्रभावित क्षेत्र के चारों ओर टीन शेड लगाकर घेराबंदी की गई है तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, पूरे अभियान के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के अनुसार, करीमुल्लाह बेग मस्जिद, नेसारन मस्जिद, अली रजा खान मस्जिद, संगमरमर मस्जिद और रंगीले शाह मस्जिद के मुतवल्लियों ने पहले ही अपनी सहमति दे दी है। बुधवार की कार्रवाई के दौरान भी मस्जिद प्रबंधन एवं स्थानीय लोगों का पूरा सहयोग मिला। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि चौड़ीकरण की जद में इन मस्जिदों के केवल कुछ हिस्से ही आ रहे हैं। प्रभावित निर्माण के बदले जी प्लस थ्री मानकों के अनुरूप क्षतिपूर्ति प्रदान की जाएगी। वहीं, लंगड़ा हाफिज मस्जिद के संबंध में प्रशासन और संबंधित पक्षों के बीच वार्ता जारी है।

Share

Recent News