नई दिल्ली/कोलकाता: कोलकाता के तारातल्ला इलाके में बुधवार को एक निर्माणाधीन गोदाम ढह गया। जिसमें करीब 50 से 60 मजदूरों के फंसे होने की बात कही जा रही है। ये सारे मजदूर यहां काम कर रहे थे। स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ सेना को भी रेस्क्यू आपरेशन में उतारा गया है। बताया जा रहा है कि गोदाम में निर्माण का काम चल रहा था तभी अचानक पूरा ढांचा ढह गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। गईं। मलबे से मजदूरों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। निर्माणाधीन गोदाम के नीचे दबे कई मजदूरों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि मलबे के नीचे से दबे हुए मजदूरों की दर्दनाक चीखें सुनाई दे रही हैं। सरकार ने स्थिति पर नजर रखने के लिए नवान्न में कंट्रोल रूम खोल दिया है। मौके पर पहुंचे राज्य के मंत्री इंद्रनील खां और भाजपा नेता राकेश सिंह का कहना है कि राहत और बचाव कार्य चल रहा है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को हुई भारी बारिश के कारण निर्माणाधीन ढांचा कमजोर हो गया था।













