असम से एआईयूडीएफ के अध्यक्ष हैं बदरुद्दीन अजमल। ये अक्सर अपने कट्टर इस्लामी विचारों के कारण चर्चा में रहते हैं। इसी क्रम में एक बार फिर से उन्होंने जनसंख्या वृद्धि की बात मुस्लिमों से कही है। उनका कहना है कि सरकार को ज्यादा बच्चे पैदा करने वाले परिवारों को प्रोत्साहन और इनाम देने चाहिए। अजमल का कहना था कि ऐसी सुविधाएं दी जानी चाहिए जिनसे लोग ज्यादा बच्चे पैदा कर सकें, क्योंकि जनसंख्या लगातार कम हो रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अजमल ने जनसंख्या को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि उनका इस मुद्दे पर कोई खास सुझाव नहीं है, लेकिन सरकार को इसमें बीच में नहीं पड़ना चाहिए। लोगों को अपनी जरूरत और स्थिति के हिसाब से फैसला लेने की पूरी आजादी होनी चाहिए। इससे समाज में संतुलन बना रहेगा। अजमल ने गरीबी की ओर इशारा करते हुए कहा कि अभी कई लोगों के पास पत्नी और बच्चों को खाना खिलाने के लिए भी पर्याप्त संसाधन नहीं हैं।
अजमल ने असम विधानसभा में ली शपथ
इसी दिन खबर आई कि बदरुद्दीन अजमल ने सोमवार को असम विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह शपथ ग्रहण मध्य असम के बिन्नाकांडी निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित होने के बाद हुआ। कार्यक्रम विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय के बैठक कक्ष में रखा गया था, जहां विधानसभा सचिव प्रभारी राजीव भट्टाचार्य ने पूरी कार्यवाही संभाली।
इसे भी पढ़ें: देश में 5 लाख से अधिक लोगों ने लिया अंगदान का संकल्प, ‘मन की बात’ से अभियान को मिली गति
अन्य नवनिर्वाचित विधायकों ने 21 मई को नई सरकार के पहले सत्र से पहले शपथ ली थी। अजमल उस समय हज यात्रा पर थे, इसलिए वे समारोह में शामिल नहीं हो पाए। उन्होंने पहले ही विधानसभा सचिवालय को सूचना दे रखी थी। हज से लौटने के बाद उन्होंने फिर से पत्र लिखकर शपथ लेने की तारीख और समय तय करने का अनुरोध किया, उसी के अनुसार यह व्यवस्था की गई।
अजमल का राजनीतिक सफर
बदरुद्दीन अजमल पहले तीन बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। असम की राजनीति में यह उनका दूसरा बार विधायक के रूप में वापसी है। साल 2006 में वे पहली बार दक्षिण सलमारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। हाल के असम विधानसभा चुनावों में भाजपा, असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के गठबंधन ने 126 सीटों वाली विधानसभा में 102 सीटें जीतीं। भाजपा को 82 सीटें मिलीं, जबकि एजीपी और बीपीएफ को 10-10 सीटें हासिल हुईं। विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस ने 19 और रायजोर दल ने 2 सीटें जीतीं।

















