NEET UG 2026 के पेपर लीक के बाद आज से एनटीए एक बार फिर से छात्रों को परीक्षा ले रहा है। इससे ठीक पहले साइबर अपराधी सक्रिय हो गए हैं। ताजा मामला राजस्थान के अजमेर का है, जहां एक अनजान कॉलर ने एक छात्र को वीडियो कॉल पर सवालों का पेपर दिखाया और 30 हजार रुपये मांगे। मामला गंभीर था, तो छात्र ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस को की। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे ठगी करने का मामला माना है।
क्या हुआ पूरा मामला
शनिवार को अजमेर में एक पहली वर्ष के डीएवी कॉलेज के छात्र को एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उसके पास NEET का प्रश्न पत्र है और परीक्षा से पहले दे सकता है। छात्र ने सबूत मांगा तो कॉलर ने वीडियो कॉल पर पेपर दिखा दिया। पूर्व डीएवी कॉलेज स्टूडेंट्स यूनियन प्रेसिडेंट और एबीवीपी कार्यकर्ता कृष्ण सिंह ठाकुर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उसी नंबर से उन्हें भी कॉल आई थी। कॉलर ने पेपर देने के बदले 30 हजार रुपये मांगे और ऑनलाइन पेमेंट का नंबर भी दिया। ठाकुर ने बातचीत की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंप दी है।
पुलिस की कार्रवाई
अतिरिक्त एसपी (सिटी) हिमांशु जागिड़ ने बताया कि शिकायत मिलते ही टीम बना दी गई है। पुलिस अब कॉलर की पहचान करने और वीडियो कॉल पर दिखाए गए पेपर की असलियत जांचने की कोशिश कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शाम तक की प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि यह छात्रों को ठगने की कोशिश हो सकती है। NEET की री-एग्जाम रविवार को होनी है और कई छात्र उसकी तैयारी कर रहे हैं।
परीक्षा से ठीक एक दिन पहले छात्रों को बनाया टार्गेट
यह घटना उस समय हुई है जब NEET परीक्षा को लेकर पहले से ही कई विवाद चल रहे हैं। देशभर में री-टेस्ट की तैयारी चल रही है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अजमेर में भी छात्रों में इस तरह की कॉल से चिंता फैल गई है। कृष्ण सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया ताकि अन्य छात्रों को भी ऐसे फ्रॉड से बचाया जा सके। पुलिस अब कॉल डिटेल्स, पेमेंट नंबर और वीडियो क्लिप के आधार पर आगे जांच कर रही है।

















