सोशल मीडिया पर साइबर अपराधी लोगों को फंसाने के लिए नित नए जाल रचते रहते हैं। कभी केंद्र सरकार की योजनाओं के नाम पर लोगों को भ्रमित करके उन्हें ठगने की कोशिशें होती हैं। तो कभी आकर्षक इनामों के नाम पर। इसी क्रम में सोशल मीडिया और व्हाट्सएप जैसे ऐप्स पर एक संदेश तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार की तरफ से छात्रों को मुफ्त लैपटॉप दिया जा रहा है। हालांकि, इस मामले की जांच के बाद सरकार के फैक्ट चेक एजेंसी PIB ने इसे पूरी तरह से फेक न्यूज करार दिया है।
फर्जी संदेश क्या कह रहा है
मैसेज में दावा है कि सरकार छात्रों को फ्री लैपटॉप दे रही है। साथ में एक लिंक भी है, जिस पर क्लिक करके आवेदन करने को कहा गया है। इसमें शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार और G20 के लोगो के साथ पीएम की फोटो भी लगी हुई है। स्क्रीन पर “सरकार से मुफ़्त लैपटॉप पाएँ” और “ऑनलाइन आवेदन” जैसे शब्द दिख रहे हैं। कहा जा रहा है कि 2024-25 में छात्रों को लैपटॉप मिलेंगे।
Beware of Fraudsters❗️
A message is being circulated with a link claiming that the central government is providing free laptops to students.#PIBFactCheck
❌ This message is #fake!
🚫 Do NOT click on suspicious links.
▶️ Always verify information through official sources. pic.twitter.com/aLaFfitf3b
— PIB Fact Check (@PIBFactCheck) August 9, 2026
PIB का स्पष्ट रुख
PIB फैक्ट चेक ने साफ कह दिया है कि ये मैसेज पूरी तरह फर्जी है। इसका भारत सरकार या शिक्षा मंत्रालय से कोई नाता नहीं। लोगो, फॉर्मेट और लिंक सब नकली हैं। एजेंसी ने सलाह दी है कि ऐसे संदिग्ध लिंक पर बिल्कुल क्लिक न करें। अक्सर इनमें फर्जी वेबसाइट या ऐप का लिंक होता है, जो आपकी निजी जानकारी या पैसे मांग सकता है। किसी भी सरकारी योजना की खबर सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट, सरकारी ऐप या PIB जैसे भरोसेमंद जगहों से ही जाँचें।

















