देश की राजनीति के लिए यह शर्मनाक है कि पंजाब में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के एक बड़े नेता व पूर्व विधायक का नाम देहव्यापार के मामले में सामने आया है। जिला रूपनगर के पूर्व विधायक अमरजीत सिंह संदोआ को देह व्यापार के आरोप में थाना आनंदपुर साहिब में दर्ज केस में पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
रुपनगर पुलिस ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि एसएसपी रूपनगर मनिंदर सिंह ने उपरोक्त एफआईआर की इंक्वायरी थाना आनंदपुर साहिब एसएचओ और थाना सदर के एसएचओ को सौंप दी है।
रूपनगर के डीएसपी दीपइंदर सिंह की ओर से जारी नोटिस में संदोआ को 22 जून को सुबह 11 बजे कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए रूपनगर के थाना सदर के एसएचओ की ड्यूटी लगाई गई है।
इसके साथ ही आनंदपुर साहिब के एसएचओ को थाना आनंदपुर साहिब में 17 फरवरी 2026 को दर्ज एफआईआर 32 का रिकॉर्ड लेकर आने की हिदायत दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई जांच प्रक्रिया का हिस्सा है और सभी पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद अगला फैसला लिया जाएगा। नोटिस जारी होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
संदोआ ने आरोप लगाया है कि मौजूदा सरकार के विधायक द्वारा उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने के लिए सुनियोजित साजिश के तहत कार्रवाई करवाई जा रही है।
संदोआ ने कहा, आरोप बेबुनियाद
संदोआ ने कहा कि कुछ समय पहले श्री आनंदपुर साहिब के एक होटल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसमें बेबुनियाद तरीके से उनका नाम भी जोड़ा गया।
संदोआ ने कहा कि उक्त होटल से उनका कोई संबंध नहीं है और इस बात की पुष्टि के लिए वह पीर बाबा जिंदा शहीद जी के पवित्र स्थान पर शपथ लेने के लिए भी तैयार हैं।
संदोआ ने आरोप लगाया कि वह लगातार विधायक की कथित ब्लैकमेलिंग और गुंडागर्दी के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। जिसके कारण उन्हें बदले की भावना से निशाना बनाया जा रहा है।
ब्लॉक समिति सदस्य सतनाम सिंह नागरा ने कहा कि संदोआ बताएं कि जब होटल मालिक पर एफआईआर दर्ज हुई थी व संदोआ ने होटल मालिक को बचाने के लिए पुलिस पर दबाव नहीं बनाया था, इसको लेकर सबूत जल्द सार्वजनिक किए जाएंगे।











