
Today Weather
भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद लगाए बैठे करोड़ों लोगों को अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की रफ्तार अचानक धीमी पड़ने से देश के कई हिस्सों में मौसम का संतुलन बिगड़ गया है। एक ओर उत्तर प्रदेश, दिल्ली और आसपास के राज्यों में गर्म हवाएं लोगों का जीना मुहाल कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और तेज आंधी का दौर शुरू हो चुका है। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि फिलहाल मॉनसून की चाल सुस्त बनी रहेगी, जिससे उत्तर भारत के लोगों को राहत मिलने में देरी हो सकती है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पिछले लगभग दो सप्ताह से महाराष्ट्र और बिहार के आसपास ही ठहरा हुआ है। अगले चार से पांच दिनों तक इसके आगे बढ़ने की संभावना बेहद कम है। इसका असर उत्तर प्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है, जहां मॉनसून की एंट्री में अभी करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है। प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ, आगरा, गाजियाबाद और झांसी समेत अनेक जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि कुछ इलाकों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन व्यापक बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ सकता है। 19 से 21 जून के बीच बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि तापमान अभी भी 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।वहीं बिहार में मॉनसून की सक्रियता बढ़ने लगी है। पटना, गया, सिवान, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर और कई अन्य जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इसके साथ 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। पर्वतीय राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। शिमला, मंडी और कुल्लू में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तराखंड के कई पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले सप्ताह मॉनसून दोबारा रफ्तार पकड़ सकता है। तब तक देश के अलग-अलग हिस्सों में गर्मी, लू और बारिश का यह मिश्रित दौर जारी रहने की संभावना है।