नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में पिछले कई दिनों से (11 मई से) चल रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अखिल भारतीय ‘कार्यकर्ता विकास वर्ग-द्वितीय’ का 4 जून को भव्य समापन हुआ। इस वर्ष के समापन समारोह में देश के दिग्गज उद्योगपति और पद्मभूषण से सम्मानित श्री कुमार मंगलम बिरला (Kumar Mangalam Birla) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कड़े अनुशासन और वैचारिक मंथन के बीच चले इस वर्ग में देशभर के अलग-अलग प्रान्तों से चयनित स्वयंसेवकों को संगठन कार्य और समाज सेवा के विभिन्न आयामों का सघन प्रशिक्षण दिया गया।

“संघ का कार्य अभूतपूर्व है” – कुमार मंगलम बिरला
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री कुमार मंगलम बिरला ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्र निर्माण कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कई महत्वपूर्ण बातें कहीं-
संघ की शक्ति और सेवा
कुमार मंगलम बिरला ने कहा- “सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने कुछ दिनों पहले कहा था कि संघ को समझने के लिए भीतर से देखना होगा। लेकिन संघ की दशकों की मेहनत के कारण संघ को बाहर से भी देखकर कोई भी प्रभावित होगा। 83 हजार शाखाएँ, 60 लाख स्वयंसेवक, 1 लाख 77 हजार सेवा कार्य, और न जाने कितनी संस्थाएँ— सभी एक दिशा में कार्य करते हैं। यह अभूतपूर्व है। आज़ादी से पहले से लेकर देश में हुए भूकंप, सुनामी और न जाने कितनी चुनौतियों के समय आरएसएस सदैव देश और समाज के साथ खड़ा रहा है।”
आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण-
“आत्मनिर्भरता सिर्फ एक आर्थिक नीति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण है। आदित्य बिड़ला ग्रुप और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गतिविधियों में अनेक समानताएँ हैं। हम भी प्राथमिक और उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक उत्थान, महिला सशक्तिकरण तथा कौशल विकास को अत्यंत महत्व देते हैं।”
युवाओं से अपील: भारत में बनाएं, दुनिया के लिए बनाएं
भारत के औद्योगिक भविष्य और युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए श्री बिरला ने कहा कि विकसित भारत का सपना बड़ा है और उसे पूरा करने में बड़े उद्योगों की भूमिका भी बड़ी है।
“My appeal to the young people of Bharat is simple. Embrace entrepreneurship. Build in Bharat, build for Bharat, and build from Bharat for the world.”
(भारत के युवाओं से मेरी अपील है कि भारत में बनाएं, भारत के लिए बनाएं, और भारत में रहकर पूरी दुनिया के लिए बनाएं।)
समापन कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख अतिथि
इस भव्य समापन समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से कई गणमान्य हस्तियों ने हिस्सा लिया। प्रमुख रूप से उपस्थित अतिथियों में शामिल थे:
- पद्मभूषण श्री कुमार मंगलम बिड़ला जी (मुख्य अतिथि)
- श्री गोपालभाई मावजी गोरासिया (भुज-कच्छ, गुजरात)
- श्री दिव्यम जी त्रिपाठी (दिल्ली)
- पद्मश्री भारतभूषण जी त्यागी (बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश)
- महामहिम महाराजा गज सिंह जी (जोधपुर)
- पूजनीय श्री योगी भावनाथ जी महाराज (श्री रविकुंज आश्रम, हरमाड़ा, जयपुर)
क्या है ‘कार्यकर्ता विकास वर्ग’?
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की प्रशिक्षण व्यवस्था के तहत ‘कार्यकर्ता विकास वर्ग’ मुख्य रूप से दो आयु वर्गों के लिए आयोजित किए जाते हैं:
- सामान्य वर्ग (Samanya Varg): 18 से 40 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए।
- विशेष वर्ग (Vishesh Varg): 41 से 65 वर्ष की आयु के प्रौढ़ कार्यकर्ताओं के लिए।
मई-जून के दौरान नागपुर में चल रहा यह वर्तमान प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं (18 से 40 वर्ष) के लिए था। इस वर्ग के दौरान स्वयंसेवकों को दिया गया सरसंघचालक जी का मार्गदर्शन वर्तमान राष्ट्रीय और सामाजिक परिस्थितियों के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



















