कोलकाता। दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में हुए बम विस्फोट मामले में पूर्व तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला के आवास पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसी की टीम भारी पुलिस बल और केंद्रीय बल के साथ उनके जीवनतला स्थित घर पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, लगभग 10 वाहनों से पहुंचे अधिकारियों ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया। इस दौरान शौकत मोल्ला अपने घर पर मौजूद नहीं थे। सूत्रों के मुताबिक, वह मौके से गायब बताए जा रहे हैं।
तलाशी अभियान के दौरान उनके पुत्र इमरान मोल्ला को घर पर लाया गया और जांच टीम ने उनके साथ घर के भीतर प्रवेश कर विस्तृत पूछताछ और दस्तावेजों की जांच शुरू की। इसके साथ ही जांच एजेंसी ने शौकत मोल्ला के कार्यालय में भी तलाशी ली।
इस दौरान शौकत मोल्ला की पत्नी और बेटी भी घर पहुंचीं। अधिकारियों द्वारा घर और आसपास के क्षेत्र को घेरकर सघन जांच की जा रही है।
मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी विस्फोट से संबंधित दस्तावेजों, सबूतों और अन्य जानकारियों को खंगाल रही है। साथ ही उस समय घायलों को ले जाने वाले वाहनों से जुड़े लोगों के घरों पर भी टीम पहुंची और पूछताछ की।
गौरतलब है कि भांगर के बामुनिया इलाके में हुए इस विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था और कई राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप सामने आए थे।
शौकत मोल्ला वर्ष 2016 और 2021 में कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी विधायक रह चुके हैं। हाल ही में राज्य सरकार ने उनकी सुरक्षा भी वापस ले ली थी।

















