उधम सिंह नगर: गदरपुर क्षेत्र में जिलाधिकारी के निर्देश पर धर्मांतरण संबंधी मामलों की निगरानी एवं जांच के लिए अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पूर्व में समिति द्वारा ग्राम रामजीवनपुर में अवैध रूप से संचालित एक चर्च को सीज किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 मई 2026 को अपर जिलाधिकारी की उपस्थिति में चर्च के पास्टर सुरेन्द्र सागर द्वारा बुढ़िया कॉलोनी, शीला मजरा रामजीवनपुर में आवासीय भूमि पर कथित रूप से अवैध रूप से ईसाई प्रार्थना सभा स्थल का निर्माण किए जाने के मामले में जांच की गई थी। इस संबंध में संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किए जाने की कार्रवाई भी प्रारंभ की गई है।
रोहित ने कराया ईसाई मतांतरण
इसी बीच श्वेता नामक युवती ने उप जिलाधिकारी गदरपुर के समक्ष उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई कि रोहित नामक युवक द्वारा उसे ईसाई मत के रीति-रिवाज के अनुसार, बपतिस्मा दिलाकर कन्वर्जन कराया गया तथा बाद में ईसाई रीति-रिवाज से विवाह कराया गया। युवती ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद उसे प्रताड़ित किया जा रहा है और उसके परिवार पर भी कन्वर्जन के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: उत्तराखंड: दानिश ने हिन्दू युवती को प्रेम जाल में फंसाया, रेप के बाद इस्लामिक कन्वर्जन के लिए किया मजबूर
शिकायत के आधार पर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति ने ग्राम चकरपुर पहुंचकर मामले की जांच की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए गए। समिति के अनुसार प्रथम दृष्टया यह तथ्य सामने आए हैं कि युवती का बपतिस्मा कराकर कन्वर्जन कराया गया तथा वर्तमान में उस पर और उसके परिजनों पर दबाव बनाए जाने के आरोप भी जांच में सामने आए हैं।
कुछ लोगों ने की थी शिकायतें
समिति ने इसके अतिरिक्त ग्राम रतनपुरा और रामजीवनपुर का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों से बातचीत के दौरान कुछ लोगों ने गांवों में विभिन्न स्थानों पर धार्मिक सभाएं आयोजित किए जाने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाए जाने संबंधी शिकायतें कीं। एडीएम कौस्तुभ नंद मिश्रा ने बताया कि एसडीएम ऋचा सिंह और अन्य समिति के सदस्यों द्वारा निरीक्षण के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर कुछ मामलों में प्रथम दृष्टया आरोप सही प्रतीत हुए हैं। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेजी जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में दिए हुए शिकायती पत्र के आधार पर एफ आई आर दर्ज कराई जा रही है।
उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि गदरपुर में मतांतरण मामले में दी गई तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एसआईटी की जांच रिपोर्ट के अवलोकन के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।















