उधम सिंह नगर: खटीमा क्षेत्र में कथित धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आया है। जादौपुर निवासी एक व्यक्ति ने मोहम्मदपुर भुड़िया निवासी पास्टर पर चर्च के माध्यम से थारू समाज के लोगों को ईसाई मत अपनाने के लिए प्रेरित करने, लालच देने और डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित घाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस को सौंपी तहरीर में जादौपुर निवासी अंकित सिंह राणा ने बताया कि वह खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। बताया कि मोहम्मदपुर भुड़िया निवासी दान सिंह राणा ने अपने घर के पास चर्च बना रखा है, जहां प्रत्येक रविवार को प्रार्थना सभा आयोजित की जाती है। आरोप लगाया कि आसपास के गांवों में रहने वाले थारू समाज के भोले-भाले लोगों को वहला-फुसलाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आरोपी लोगों को लालच देकर और डराकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास करता है।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने उसे भी प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए बुलाया और कहा कि ईसाई धर्म में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होता और उसके परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। जब वह चर्च की प्रार्थना सभा में शामिल हुआ तो वहां हिन्दू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कही जा रही थीं और ईसाई धर्म का प्रचार किया जा रहा था।
आरोप है कि उसे ईसाई धर्म से संबंधित किताबें भी दी गईं और परिवार सहित चर्च आने और हिन्दू रीति-रिवाज छोड़ने का दबाव बनाया गया। पुलिस ने आरोपी पास्टर दान सिंह राणा के खिलाफ बीएनएस की धारा 196 (2) सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल बिजेंद्र शाह ने बताया कि चकरपुर और खटीमा क्षेत्र में पहले भी ऐसे मामले सामने आए थे। उच्च स्तर पर हुई जांच में आरोपी का नाम सामने आने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि धर्मांतरण किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल की जारही है।

















