विदेश में खालिस्तानी अलगाववादियों का गढ़ कहे जाने वाल कनाडा में खालिस्तानी तत्वों को धक्के पड़ने के समाचार आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर गायक दिलजीत दोसांझ के कनाडा में हुए म्यूजिक कॉन्सर्ट का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ खालिस्तान समर्थक नजर आए। इनको दिलजीत दोसांझ ने अपने शो से बाहर निकाल दिया। खालिस्तानी आतंकियों द्वारा हंगामा किए जाने पर लोगों ने ही उन्हें बाहर फेंक दिया।
खालिस्तानियों पर दोसांझ हुए गुस्सा
वायरल वीडियो में दिलजीत दोसांझ स्टेज पर गाना गा रहे हैं, तभी कुछ खालिस्तान समर्थक लोग झड़े लहराते हुए दिखाई देते हैं। यह देखकर दिलजीत अपना कॉन्सर्ट रोक देते हैं। वह इन्हें गुस्से से जवाब देते हैं और बाद में शो से बाहर निकाल देते हैं। सिंगर के इस स्टैंड की लोग अब तारीफ कर रहे हैं।
दोसांझ ने कहा, मैं तुमको उठा कर फेंक दूंगा
हाल ही में कनाडा के कैलगरी में अपने ओरा म्यूजिक टूर के दौरान दिलजीत दोसांझ ने खालिस्तानी झंडे लहरा रहे प्रदर्शनकारियों को ललकारा। सिंगर ने बीच में ही अपना शो रोका और गुस्से में कहा, ‘जितने झंडे दिखाने हैं, दिखाओ। मैं आप लोगों को उठाकर बाहर फेंक दूंगा।
सोशल मीडिया पर मिली वाहवाही
यह वीडियो भाजपा नेता तेजिंदर बग्गा ने भी शेयर किया और लिखा, ‘दिलजीत दोसांझ ने अभी-अभी दिखाया कि रीढ़ की हड्डी इसे कहते हैं। कनाडा में अपने कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने खालिस्तानियों को शो से बाहर निकाल दिया। सोशल मीडिया पर दोसांझ के इस कदम की वाहवाही हो रही है।
खालिस्तानियों ने पैदा की अफरातफरी
कनाडा में मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कुछ लोग खालिस्तानी झंडे लेकर कार्यक्रम में घुस आए और भारत विरोधी नारे लगाने लगे। इस घटना ने न केवल वहां मौजूद दर्शकों को चौंका दिया बल्कि सोशल मीडिया पर भी तीखे रिएक्शन की बाढ़ ला दी। दिलजीत के इस लाइव इवेंट में खालिस्तानी समर्थकों ने न सिर्फ अफरा-तफरी मचाई बल्कि उन्होंने भारत के खिलाफ नारेबाजी भी की। सिंगर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कई सवाल भी खड़े किए। जब कार्यक्रम पूरे चरम पर था और दलजीत दोसांझ अपने प्रसिद्ध गानों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे थे। तभी अचानक कुछ लोग खालिस्तानी झंडे लेकर भीड़ के बीच पहुंच गए और माहौल बदल गया।
भारत विरोधी नारे और दोसांझ पर भी लगाए आरोप
इन लोगों ने न केवल भारत विरोधी नारे लगाए, बल्कि दिलजीत दोसांझ पर भी निशाना साधा। प्रदर्शनकारियों ने सिंगर पर राजनीतिक झुकाव का आरोप लगाते हुए उन्हें स्पेशल इंडियन ऑर्गनाइजेशन का एजेंट बताकर नारेबाजी की। दिलजीत के इस कॉन्सर्ट में जब वहां तैनात सिक्योरिटी ने प्रदर्शनकारियों को रोकने और हालात को शांत करने की कोशिश की, तो हंगामा करने वाले लोग सिक्योरिटी तोडक़र उनसे भिड़ गए। इस झड़प के कारण कुछ समय के लिए कॉन्सर्ट में टेंशन का माहौल पैदा हो गया, हालांकि बाद में सिक्योरिटी ने कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पा लिया।
हंगामे के पीछे कौन सा संगठन
खबरों के अनुसार, इस पूरे हंगामे के पीछे पवनदीप सिंह बस्सी और मनदीप सिंह रवि नाम के दो लडक़ों की पहचान की गई है। कहा जा रहा है कि इन दोनों का संबंध प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस से है, जिसका संचालन आतंकवादी घोषित किया जा चुका गुरपतवंत पन्नू द्वारा किया जाता है। इन कट्टरपंथियों की मौजूदगी और उनके द्वारा लगाए गए आरोपों ने स्पष्ट कर दिया है कि ये एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था।

















