पश्चिम बंगाल की वर्धमान दक्षिण सीट से टीएमसी के पूर्व विधायक खोकन दास को यूपी के प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया। प्रयागराज की हंडिया थाना पुलिस की मदद से बंगाल पुलिस ने खोकन दास को गिरफ्तार किया है। पश्चिम बंगाल में खोकन दास के खिलाफ जबरन वसूली समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पश्चिम बंगाल पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर टीएमसी के पूर्व विधायक खोकन दास को पश्चिम बंगाल ले जाएगी।
प्रयागराज से गिरफ्तार पूर्व TMC विधायक खोकन दास
उल्लेखनीय है कि खोकन दास पश्चिम बंगाल की वर्धमान दक्षिण विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2021 में इस सीट से विधायक चुने गए थे। वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में पराजित हुए थे। प्रयागराज जनपद की पुलिस ने बताया कि बंगाल पुलिस के सूचना मिली थी कि खोकन दास प्रयागराज के गंगापार इलाके में कहीं पर हैं। गंगापार के हंडिया थाना पुलिस की मदद से बंगाल पुलिस ने खोकन दास को गिरफ्तार कर लिया। प्रयागराज जनपद के डीसीपी गंगानगर, कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पश्चिम बंगाल पुलिस उन्हें रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर ट्रांजिट रिमांड मांगेगी। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद बंगाल पुलिस उन्हें कोलकाता ले जाएगी।

















